नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने काम-काज को लेकर चर्चा में रहती हैं, लेकिन बीते दिन से वह अपने काम नहीं, बल्कि अपने पति मनीष गुप्ता को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल, दिल्ली की पूर्व सीएम व आप विधायक आतिशी ने रेखा गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सीएम की कुर्सी नहीं संभालने को लेकर तंज कसा है।
आतिशी ने उठाया सवाल
पूर्व सीएम ने एक्स पर सीएम रेखा गुप्ता के पति की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि यह फोटो ध्यान से देखिए। जो व्यक्ति एमसीडी, डीजेबी, पीडब्ल्यूडी और डीडूएसआईबी के अफसरों की मीटिंग ले रहे हैं, यह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता जी हैं।
काम-काज को लेकर तंज
आतिशी ने कहा, “हम पहले सुनते थे कि अगर गांव में एक महिला सरपंच चुनकर आती थी, तो सारा सरकारी काम उसका पति संभालता था। ऐसा कहा जाता था कि गांव की महिलाओं को सरकारी काम संभालना नहीं आता, इसलिए काम ‘सरपंच-पति’ संभालेंगे, लेकिन इस प्रथा का विरोध हुआ, महिला सरपंचों को ट्रेनिंग देने की शुरुआत हुई कि वे अपनी जिम्मेदारी संभाल सकें, लेकिन देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ होगा कि एक महिला मुख्यमंत्री बनी और सारा सरकारी काम उनके पति संभाल रहे हैं।”
आतिशी ने सवालिया अंदाज में पूछा कि क्या रेखा गुप्ता को सरकारी काम संभालना नहीं आता? क्या इसी वजह से दिल्ली में रोज़ लंबे-लंबे पॉवर कट हो रहे हैं? क्या रेखा जी से बिजली कंपनियां नहीं संभल रहीं? क्या इसी वजह से प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ रही है? क्या रेखा जी से शिक्षा विभाग नहीं संभल रहा? आगे उन्होंने लिखा कि एक मुख्यमंत्री-पति का सरकार चलाना बेहद खतरनाक है!
भाजपा नेता ने किया बचाव
आतिशी के तंज पर भाजपा नेताओं ने उन्हें घेरा और उनके कार्यकाल को लेकर सवाल किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आतिशी जी, आपकी यह एक्स पोस्ट देखकर आश्चर्यचकित हूं कि एक महिला होते हुए आपने अपने खुद के परिश्रम से जन सेवा के संकल्प के साथ डूसू छात्रसंघ सचिव से लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री पद तक की यात्रा पूर्ण करने वाली सीएम रेखा गुप्ता के प्रति अपमानजनक कटाक्ष किया है।
विरेंद्र सचदेवा ने कहा कि रेखा गुप्ता के पति द्वारा उनका सहयोग करना पूरी तरह सामान्य है। राजनीति में दैनिक जन समस्याओं का निदान अति आवश्यक है और उसमें जनप्रतिनिधि के परिजनों का पार्टी पदाधिकारियों का सहयोग करना सामान्य बात है।
भाजपा ने आतिशी से पूछा सवाल
भाजपा नेता ने कहा कि अगर आपको यह लगता है कि किसी जनप्रतिनिधि के पति या पत्नी का सहयोग करना लोकतंत्र का अपमान है, तो मेरे कुछ सवालों के जवाब दीजिए। उन्होंने सवाल किया कि आप एक पूर्णकालिक महिला मुख्यमंत्री बनी थीं, तब आपके नेता अरविंद केजरीवाल रोज आपको कार्यवाहक मुख्यमंत्री कहते थे, क्या यह लोकतंत्र का अपमान नहीं था? आपने खुद अपने मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी कुर्सी के बगल में एक सांकेतिक कुर्सी लगाई थी, क्या यह लोकतंत्र का अपमान नहीं था?
यही वजह है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता तंज कस रहे हैं। हालांकि, भाजपा ने उनका बचाव किया है।
