Mann Ki Baat: मन की बात में पीएम मोदी का भावुक संबोधन, पहलगाम आतंकी हमले पर जताया दुख
Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 121वें एपिसोड में पहलगाम आतंकी हमले पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला देश के हर नागरिक के लिए पीड़ादायक है और इस नृशंस हमले के दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा, “आज जब मैं आपसे मन की बात कर रहा हूं, तब मन में गहरी पीड़ा है। पहलगाम की आतंकी वारदात ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके दर्द को हर भारतीय महसूस कर रहा है। यह हमला आतंक के सरपरस्तों की कायरता और हताशा को दर्शाता है।”
प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि कश्मीर में जब शांति लौट रही थी, विकास तेजी से हो रहा था, पर्यटक बड़ी संख्या में आने लगे थे और युवाओं के लिए नए अवसर बन रहे थे, तब देश के दुश्मनों को यह सब रास नहीं आया। उन्होंने कहा कि इस प्रगति को रोकने और कश्मीर को फिर से अशांत करने के लिए इस प्रकार की बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम दिया गया।
पीएम मोदी ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा, “आतंकवाद के खिलाफ इस युद्ध में 140 करोड़ भारतीयों की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमें इस चुनौती का डटकर सामना करना है और अपने संकल्पों को और मजबूत बनाना है। आज पूरा देश एक स्वर में आतंक के खिलाफ खड़ा है, और यही हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है।”
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि इस हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कड़ी निंदा की गई है। कई वैश्विक नेताओं ने उनसे संपर्क कर संवेदनाएं व्यक्त की हैं और भारत के साथ खड़े होने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यह हमला न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय है और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता की जरूरत है।
अंत में पीएम मोदी ने पीड़ित परिवारों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा, “मैं उन्हें यह विश्वास दिलाता हूं कि जो लोग इस हमले के पीछे हैं, उन्हें कठोरतम सजा मिलेगी। देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। उन्हें न्याय मिलेगा – और जरूर मिलेगा।”
