किसानों को एक ही जगह मिलेगी खेती से जुड़ी हर ज़रूरी चीज़
हरियाणा के गुड़गांव जिले के पटौदी इलाके के भोरा कलां गांव में अगाते कंपनी ने किसानों के लिए देश का पहला मल्टी-ब्रांड किसान मॉल लॉन्च किया है। इस मॉल में किसानों को बीज, उर्वरक, कीटनाशक, सिंचाई समाधान, मिट्टी परीक्षण, ट्रेनिंग और खेती की नई तकनीकों की जानकारी एक ही जगह पर मिलेगी। इसका उद्देश्य किसानों की खेती को आसान और कम खर्चीला बनाना है।
भव्य उद्घाटन में जनप्रतिनिधियों और आध्यात्मिक गुरु की मौजूदगी
इस खास मौके पर महामंडलेश्वर स्वामी धर्म देव जी महाराज ने मॉल का उद्घाटन किया। साथ में पटौदी के एसीपी श्री सुखबीर सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमल यादव और विधायक बिमला चौधरी भी मौजूद रहीं। सभी ने इस पहल की तारीफ की और कहा कि यह मॉल किसानों की जिंदगी बदलने में मदद करेगा।
अगाते का लक्ष्य – किसानों को सशक्त बनाना और मिडलमैन को हटाना
अगाते के सीईओ और फाउंडर अंकित रावत ने बताया कि इस मॉल के ज़रिए किसान सीधे उच्च गुणवत्ता वाले बीज, पोषक तत्व, और खेती के उपकरण खरीद पाएंगे। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और किसानों की लागत घटेगी।
मॉल में PI इंडस्ट्रीज, नामधारी, इंडस, कोरोमंडल, नेटाफिम जैसे 20 से ज्यादा ब्रांड्स शामिल हैं। इसके अलावा कोरोमंडल कंपनी की मदद से मुफ्त मिट्टी परीक्षण, और खेती की तकनीकों का लाइव डेमो भी दिया जा रहा है।
फार्म एक्सपीरियंस सेंटर – किसान खुद देख सकेंगे नई तकनीक का असर
यह मॉल सिर्फ खरीददारी के लिए नहीं, बल्कि यह एक फुल रिसर्च और एक्सपीरियंस सेंटर भी है। यहां किसान खेत में सीधे नई तकनीकों का उपयोग और उसका असर देख सकते हैं। उन्हें खेती के आधुनिक तरीकों की ट्रेनिंग भी दी जाएगी, ताकि वे अपनी पैदावार बढ़ा सकें और ज्यादा मुनाफा कमा सकें।
यह किसान मॉल हरियाणा में एक नया कदम है, जो किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और खेती को फायदे का व्यवसाय बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।
