‘ऑपरेशन सिंदूर’ से भारत का करारा जवाब, पाकिस्तान के 17 आतंकी ठिकाने तबाह
पहलगाम हमले के बाद भारत की बड़ी सैन्य कार्रवाई
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बड़ा कदम उठाया। भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाकर बड़ी कार्रवाई की। इस ऑपरेशन में भारत ने आतंक के नेटवर्क पर सीधा हमला करते हुए उनके कई ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया।
पाकिस्तान के डोजियर में खुद कबूल हुआ नुकसान
अब इस ऑपरेशन से हुए नुकसान की पुष्टि खुद पाकिस्तान की ओर से आई है। पाकिस्तान द्वारा तैयार किए गए एक आधिकारिक डोजियर में स्वीकार किया गया है कि भारतीय सेना ने कम से कम 17 आतंकी ठिकानों पर हमला किया, जबकि भारत ने पहले सिर्फ 9 ठिकानों का जिक्र किया था। इस डोजियर के अनुसार, भारत की वायुसेना ने पाकिस्तान के गहरे इलाकों—जैसे पेशावर, झंग, सिंध के हैदराबाद, पंजाब के गुजरांवाला, अटक और बहावलनगर—में स्थित आतंकी ठिकानों को भी निशाना बनाया था।
100 से ज्यादा आतंकी मारे गए, सबूत भी पेश किए गए
भारतीय वायुसेना द्वारा की गई इस सटीक कार्रवाई में 100 से ज्यादा आतंकियों को ढेर कर दिया गया। भारत की ओर से साझा की गई सैटेलाइट और वीडियो फुटेज में इन ठिकानों को तबाह होते साफ देखा जा सकता है। जिन प्रमुख ठिकानों पर हमला किया गया, उनमें मरकज सुभान अल्लाह (बहावलपुर), मरकज तैयबा (मुरीदके), सियालकोट, मुजफ्फराबाद, भिम्बर और कोटली जैसे इलाकों के आतंकी कैंप शामिल थे। यह सभी ठिकाने लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल हो रहे थे।

ऑपरेशन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी रहे सीधे संपर्क में
इस पूरे अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद शीर्ष सैन्य अधिकारियों और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ सीधे संपर्क में थे। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन के हर चरण पर रातभर नजर रखी और जरूरी निर्देश दिए। यह ऑपरेशन न केवल आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ नीति का उदाहरण है, बल्कि एक संदेश भी है कि भारत अब किसी भी हमले का जवाब पूरी ताकत से देगा।
