वंदे भारत ट्रेन में पीएम मोदी से बोली बच्ची - “मुझे आपसे डर नहीं लगता”, जानें प्रधानमंत्री का प्यारा रिएक्शन
कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जून 2025 को जम्मू-कश्मीर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कटरा और श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को कटरा रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जम्मू-कश्मीर के विकास और कनेक्टिविटी में एक अहम कदम मानी जा रही है।
स्कूली बच्चों से ट्रेन में हुई दिलचस्प बातचीत
पीएम मोदी ने ट्रेन में सफर कर रहे स्कूली बच्चों से बातचीत की। बच्चों ने पीएम से कई सवाल पूछे और खुलकर बातचीत की। एक बच्ची ने जब पीएम मोदी से कहा कि “मुझे आपसे डर नहीं लगता” तो प्रधानमंत्री मुस्कुराते हुए बोले, “अच्छा! मुझसे डर नहीं लगता है?” यह सुनकर सभी बच्चे जोर-जोर से हंसने लगे। यह पल ट्रेन में मौजूद सभी लोगों के लिए यादगार बन गया।
वीडियो देखे
https://x.com/ANI/status/1930967303060934858
बच्ची ने पूछा – पढ़ते वक्त नींद क्यों आती है?
बातचीत के दौरान एक बच्ची ने पीएम मोदी से पूछा कि जब हम पढ़ाई करते हैं तो नींद आ जाती है, जबकि आप इतना काम करते हैं फिर भी थकते नहीं। इस पर पीएम मोदी ने कहा, “नींद आना बुरा नहीं है। विज्ञान भी कहता है कि इंसान को 6 से 7 घंटे की नींद जरूर लेनी चाहिए। लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि क्लास में पढ़ाई के समय सो जाओ।”
बच्चों को दी लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सीख
एक बच्ची ने पीएम से पूछा कि ऐसा क्या बताएं जिसे हम जीवन में अपनाएं। इस पर पीएम मोदी ने उदाहरण देते हुए कहा, “जैसे कोई खिलाड़ी खेल रहा हो और दर्शक चौका-छक्का मांगते हैं, लेकिन खिलाड़ी वही करता है जो उसने प्लान किया है। उसी तरह, जीवन में भी जब आप कोई लक्ष्य तय करें तो उस पर पूरा ध्यान लगाएं। लोगों की बातों में आकर अपना रास्ता मत बदलिए।”
पीएम मोदी ने बताया बचपन का सपना
एक कश्मीरी बच्ची ने पीएम से पूछा कि बचपन में उनका क्या लक्ष्य था। इस पर पीएम मोदी ने जवाब दिया, “मेरा कोई खास लक्ष्य नहीं था, बस देश की सेवा करने का सपना था और वही अब तक कर रहा हूं।” बच्चों ने पीएम मोदी को गीत भी सुनाए, जिसमें एक बच्ची ने कश्मीरी गाना गाया जिसे सुनकर पीएम काफी खुश हुए।
