अपने घर में 50 रन नहीं बना सकी भारतीय टीम
91 साल के इतिहास में अपने घर में भारतीय टीम का न्यूनतम स्कोर
नई दिल्ली।
भारत में 46 रन किसी भी टीम द्वारा टेस्ट में बनाया गया सबसे कम स्कोर है। भारत ने दो साल पहले न्यूजीलैंड द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ा है। 2021 में कीवी टीम वानखेड़े में 62 रन पर सिमट गई थी। यह भारत का अपने घर में सबसे खराब प्रदर्शन है। 37 साल पहले यानी 1987 में दिल्ली में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 75 रन बनाए थे।
भारत 1933 से अपने देश में टेस्ट क्रिकेट खेल रहा है और 91 साल में यह टीम इंडिया का न्यूनतम स्कोर है। भारत अपने घर में पहली बार 50 का आंकड़ा भी नहीं छू पाया है। 11 खिलाड़ी मिलकर 50 रन नहीं बना सके। 46 रन एशिया में भी किसी टीम का सबसे कम स्कोर है। भारत ने इस मामले में 1986 में फैसलाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ वेस्टइंडीज के 53 रन और 2002 में शारजाह में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान के 53 रन को पीछे छोड़ दिया है।
वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ भी भारत का यह सबसे खराब स्कोर है। इससे पहले 1976 में टीम इंडिया ने वेलिंगटन में कीवियों के खिलाफ 81 रन बनाए थे। यह टेस्ट में भारत का तीसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में भारतीय टीम 36 रन पर सिमट गई थी।
वहीं, 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में टीम इंडिया 42 रन पर ऑलआउट हो गई थी। यह टेस्ट में ओवरऑल किसी द्वारा 10वां न्यूनतम स्कोर है। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने पांच विकेट लिए। इसी के साथ टेस्ट में उनके 100 विकेट भी पूरे हो गए। वहीं, 23 साल के तेज गेंदबाज विलियम ओरुर्के ने चार विकेट लिए। टिम साउदी को एक विकेट मिला। India vs New Zealand
पांच बल्लेबाज नहीं खोल सके खाता
टीम इंडिया के पांच बल्लेबाज इस मैच में खाता नहीं खोल सके। यह अपने घर में टीम इंडिया द्वारा दूसरी बार है जब पांच बल्लेबाज किसी पारी में खाता नहीं खोल सके। इससे पहले 1999 में भी टीम इंडिया के पांच बल्लेबाज मोहाली में शून्य पर आउट हुए थे।
हेनरी ने 26 मैच में 100 टेस्ट विकेट पूरे किए जो कि न्यूजीलैंड की तरफ से संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज 100 विकेट हैं। हेनरी ने 15 रन देकर पांच विकेट लिए, जो कि भारत में किसी कीवी गेंदबाज द्वारा चौथा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े हैं।
India vs New Zealand