पीएम मोदी के संबोधन के बाद अमिताभ बच्चन ने की भारतीय सेना की सराहना, बोले – 'दांत भींच लो, उठो और आगे बढ़ो'
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन के बाद बिग बी ने लिखा भावुक पोस्ट
नई दिल्ली , देश में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमवार को दिए गए राष्ट्र के नाम संबोधन के बाद सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भारतीय सेना के पराक्रम की प्रशंसा करते हुए एक भावनात्मक पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने अपने पूज्य पिता हरिवंश राय बच्चन की कविता के शब्दों का उल्लेख करते हुए जवानों की वीरता और देशभक्ति को सलाम किया है।
पीएम मोदी के संबोधन के बाद अमिताभ ने तोड़ी चुप्पी
अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं, लेकिन हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद उन्होंने खुद को शांत रखा था। हालांकि, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद उन्होंने फिर से अपनी आवाज बुलंद की और एक लंबा पोस्ट शेयर किया।
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा था कि अब भारत और पाकिस्तान के बीच सिर्फ आतंक और POK पर ही बातचीत होगी। इसके बाद ही अमिताभ बच्चन ने अपनी भावनाओं को शब्दों में ढालते हुए एक प्रेरणादायक पोस्ट लिखा।
कविता के जरिए भारतीय सेना को किया सलाम

अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में लिखा
पोस्ट यहाँ पड़े Twiter Post
“और पूज्य बाबूजी के शब्द गूंज रहे हैं… जोर से और स्पष्ट… और प्रतिध्वनि के रूप में… देश के हर हिस्से से… हर कोने से… देश के आक्रोशित और समर्पित जवानों… दांत भींच लो… उठो और आगे बढ़ो… ऊपर और आगे… बिना कोई आवाज दिए… अगर बोलना ही है, तो दुश्मन के मुंह पर तुम्हारे थप्पड़ की आवाज सुनाई दे।”
उन्होंने अपने इस पोस्ट के आखिर में भावुक अंदाज़ में लिखा
“बोलें, भयभीत करने वाली, युद्ध का नारा! स्वयं से पहले सेवा! जय हिन्द!! भारत माता की जय!!! वन्दे मातरम्!!!!”
बिग बी का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोगों को प्रेरणा दे रहा है। फैंस और देशवासियों ने इस भावनात्मक अभिव्यक्ति पर उन्हें धन्यवाद कहा और समर्थन जताया।
अमिताभ बच्चन का यह भावनात्मक और देशभक्ति से भरा संदेश ऐसे समय में आया है जब देशभर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर गर्व और एकता की भावना चरम पर है। उनका यह पोस्ट देश के उन वीर सैनिकों के लिए एक श्रद्धांजलि है, जो हर परिस्थिति में मातृभूमि की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं।
