पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार का सख्त कदम, सोशल मीडिया से लेकर यूट्यूब चैनल्स तक पर लगाई रोक, बॉलीवुड से भी हटाए गए पाक कलाकार
भारत में अब पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट देख पाना मुमकिन नहीं होगा। दरअसल, हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए कई पाकिस्तानी एक्टर्स के सोशल मीडिया अकाउंट्स को भारतीय यूजर्स के लिए ब्लॉक कर दिया है।
अब जब कोई भारतीय यूजर इन कलाकारों का अकाउंट खोलने की कोशिश करता है, तो वहां लिखा आता है – “यह अकाउंट भारत में उपलब्ध नहीं है। इसे लीगल रिक्वेस्ट के चलते ब्लॉक किया गया है।”
इन कलाकारों के अकाउंट्स भारत में ब्लॉक
भारत में जिन पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक किए गए हैं, उनमें माहिरा खान, हानिया आमिर, अली जफर, माया अली, आयजा खान, सजल अली, इकरा अजीज और सनम सईद जैसे चर्चित नाम शामिल हैं। ये सभी भारत में सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर थे और बड़ी संख्या में लोग इन्हें फॉलो करते थे।माहिरा खान ने ‘रईस’ फिल्म में शाहरुख खान के साथ काम किया था, सजल अली श्रीदेवी की फिल्म ‘मॉम’ में नजर आई थीं, और अली जफर ने भी बॉलीवुड में कई फिल्में की हैं।
कई नाम अब भी बाहर, कुछ अकाउंट्स बचे
हालांकि फवाद खान, मावरा हौकेन, सबा कमर, युमना जैदी, महविश हयात, वहाज अली और उरवा हौकेन जैसे कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट अब भी भारत में दिख रहे हैं।
अब यूट्यूब पर भी पाकिस्तानी शो नहीं देख पाएंगे इंडियन यूजर
गृह मंत्रालय की सिफारिश के बाद भारत सरकार ने ARY Digital और HUM TV जैसे बड़े पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को देश में ब्लॉक कर दिया है, जो भारतीय दर्शकों के लिए पाकिस्तानी शोज देखने का जरिया थे।
इसके अलावा, 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल भी बंद किए गए हैं। इन पर आरोप है कि ये चैनल भारत, भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ झूठी और भड़काऊ खबरें फैला रहे थे।
पहले भी लगा था बैन, अब फिर से दोहराया गया फैसला
पाक कलाकारों पर भारत में काम करने का बैन कोई नई बात नहीं है। साल 2016 में उरी हमले के बाद भी ऐसा कदम उठाया गया था। लेकिन 2023 में बॉम्बे हाईकोर्ट ने यह कहते हुए बैन को खारिज कर दिया था कि कलाकारों को राजनीतिक तनाव की सजा नहीं दी जानी चाहिए। इसके बाद पाक कलाकारों को दोबारा काम मिलने लगा।
हानिया आमिर को दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार 3’ में कास्ट किया गया था, जबकि फवाद खान फिल्म ‘अबीर गुलाल’ से बॉलीवुड में वापसी करने वाले थे।
FWICE की चेतावनी: पाक कलाकारों के साथ काम किया तो देशद्रोह का केस होगा
अब फिल्म इंडस्ट्री के संगठन FWICE ने सरकार को चिट्ठी लिखकर साफ कर दिया है कि अगर कोई भारतीय पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करता है, तो उस पर देशद्रोह का मामला दर्ज होगा और उसे फिल्म इंडस्ट्री से बाहर कर दिया जाएगा।
फिल्मों पर असर
इस पूरे विवाद के बाद फवाद खान की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ की भारत में रिलीज पर रोक लग गई है और हानिया आमिर को ‘सरदार 3’ से हटा दिया गया है।
इस फैसले से साफ है कि भारत सरकार और फिल्म इंडस्ट्री दोनों ही पाकिस्तान के खिलाफ अब सख्त रवैया अपना चुके हैं।

