हिना खान को पाकिस्तान से मिली धमकियां और गालियां, बोलीं- "अगर मैं भारतीय नहीं तो कुछ भी नहीं"
ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन पर भड़के पाक फैंस, दी धमकियां और गालियां
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव का असर अब कलाकारों की सोशल मीडिया मौजूदगी पर भी साफ दिखने लगा है। टेलीविजन और फिल्म अभिनेत्री हिना खान को पाकिस्तान के कुछ सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से धमकियां, गालियां और अपमानजनक संदेश मिल रहे हैं। वजह है – हिना का अपने देश, भारत, और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का समर्थन करना।
हिना ने बताया कि उनके कुछ पाकिस्तानी फॉलोअर्स ने उन्हें इंस्टाग्राम पर अनफॉलो किया, और कई ने धमकियां दीं कि वे उन्हें फॉलो नहीं करेंगे क्योंकि उन्होंने भारत का समर्थन किया। साथ ही उन्हें उनकी बीमारी, धर्म और परिवार को लेकर भी अपशब्द कहे गए।
“आप अनफॉलो करें, फर्क नहीं पड़ता”, हिना खान ने दिया करारा जवाब
इन सारी धमकियों और ट्रोलिंग के बीच हिना खान ने सोशल मीडिया पर डटकर जवाब दिया। इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्होंने एक लंबा संदेश पोस्ट करते हुए कहा, “मैं एक कलाकार हूं और मैंने हमेशा सरहद पार के लोगों से भी प्यार ही बांटा है। लेकिन जब मैंने अपने देश का समर्थन किया तो मुझे गालियां और धमकियां मिलीं।”
उन्होंने साफ कहा कि उन्हें किसी के अनफॉलो करने से कोई फर्क नहीं पड़ता। “मैं हमेशा से भारतीय रही हूं और रहूंगी। अगर मैं भारतीय नहीं हूं, तो मैं कुछ भी नहीं हूं। मुझे आपसे देशभक्ति की उम्मीद नहीं है, लेकिन इंसानियत की उम्मीद जरूर थी,” हिना ने अपने संदेश में लिखा।
“हमारे बीच यही फर्क है”: इंसानियत की उम्मीद पर जताई नाराज़गी
हिना खान ने आगे लिखा कि वे किसी को अपशब्द नहीं कह रहीं, सिर्फ अपने देश के साथ खड़ी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की ट्रोलिंग उनके लिए नई नहीं है, लेकिन इस बार जो शब्दों का स्तर गिराया गया है, वह निंदनीय है।
“मैं आपसे यह नहीं कहती कि आप भारत का समर्थन करें। आप अपने देश के साथ हैं, ठीक है। लेकिन मुश्किल वक्त में कम से कम इंसानियत दिखाइए। यही फर्क है आप में और मुझमें,” उन्होंने दो टूक कहा।
“मेशा देश के साथ खड़ी रहूंगी”, देशभक्ति पर अडिग रहीं हिना
अपने संदेश के अंत में हिना खान ने दोहराया कि वह हमेशा भारत के साथ खड़ी रहेंगी, चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों। उन्होंने कहा, “मैंने कभी किसी को गाली नहीं दी, मैंने केवल अपने देश का समर्थन किया है और हमेशा करूंगी।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि किसी व्यक्ति की सोच और उसके शब्द उसकी असल पहचान होते हैं। “आप क्या कहते हैं, वही आपकी विचारधारा को दर्शाता है। और कठिन समय में आप कैसे प्रतिक्रिया देते हैं, यही आपके चरित्र को दर्शाता है। मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं, मैं भारत के साथ थी, हूं और रहूंगी।”
