कम उम्र में मिला बड़ा मौका, यश चोपड़ा से रखी थी एक खास शर्त
18/4/25
पूनम ढिल्लों का जन्म 18 अप्रैल 1962 को उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ था। फिल्मों में दिलचस्पी न रखने वाले परिवार से होने के बावजूद उन्होंने 1977 में सिर्फ 16 साल की उम्र में फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीत लिया। इसके बाद मशहूर फिल्म निर्देशक यश चोपड़ा ने उन्हें अपनी फिल्म ‘त्रिशूल’ के लिए साइन करना चाहा। लेकिन पूनम और उनका परिवार पहले इसके लिए तैयार नहीं था। तब यश चोपड़ा खुद उनके घर पहुंचे और पूनम के पिता को मनाया। पूनम ने शर्त रखी कि वह शूटिंग सिर्फ स्कूल की छुट्टियों में करेंगी, और यश चोपड़ा ने ये शर्त मान भी ली।
पहली फिल्म में ही मिला बड़ा मौका, शशि कपूर ने मारा था असली थप्पड़

‘त्रिशूल’ उनकी पहली फिल्म थी जिसमें उन्होंने अमिताभ बच्चन, शशि कपूर और हेमा मालिनी जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया। इस फिल्म से जुड़ा एक मजेदार किस्सा यह है कि एक सीन में शशि कपूर को पूनम को थप्पड़ मारना था। निर्देशक यश चोपड़ा चाहते थे कि सीन रियल लगे, इसलिए उन्होंने पूनम को नहीं बताया। जब शशि कपूर ने उन्हें जोर से थप्पड़ मारा तो पूनम हैरान रह गईं। बाद में शशि कपूर ने उनसे माफी भी मांगी।
राजेश खन्ना को नहीं जानती थीं, पहली मुलाकात बनी यादगार
पूनम ढिल्लों को जब पहली बार सुपरस्टार राजेश खन्ना से मिलने का मौका मिला, तब वह स्कूल में थीं और फिल्मों के बारे में ज्यादा नहीं जानती थीं। एक शूटिंग के दौरान राजेश खन्ना ने खुद उन्हें इशारे से पास बुलाया और उनकी आंखों की तारीफ की। पूनम ने बताया कि यह पल उनके लिए बेहद खास था और उन्होंने राजेश खन्ना के साथ बाद में कई फिल्मों में काम किया।
पर्सनल लाइफ में झेला धोखा, बच्चों को पाला अकेले
पूनम ढिल्लों की प्रोफेशनल लाइफ जितनी सफल रही, पर्सनल लाइफ उतनी ही संघर्ष भरी रही। उन्होंने 1988 में फिल्म प्रोड्यूसर अशोक ठकेरिया से शादी की, लेकिन कुछ सालों बाद उन्हें अपने पति के अफेयर का पता चला। पति को सबक सिखाने के लिए पूनम ने भी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर किया, लेकिन इससे कुछ नहीं बदला और 1997 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद पूनम ने दोबारा कभी शादी नहीं की और अपने दोनों बच्चों की अकेले परवरिश की।
