दयालपुर में हरियाली की लहर: इम्पीरियल ऑटो व NHWC की साझेदारी में 10,000 पौधों का लक्ष्य, पर्यावरण दिवस पर होगा भव्य आयोजन
फरीदाबाद के दयालपुर गाँव में इन दिनों हरियाली की एक नई शुरुआत हो रही है, जहाँ पर एक विशेष पर्यावरणीय पहल के तहत हजारों पौधे लगाए जा रहे हैं। यह वृक्षारोपण अभियान इम्पीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज लिमिटेड की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत और नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल के सहयोग से चलाया जा रहा है। यह अभियान नवंबर 2024 में शुरू हुआ था और अब तक इस गाँव में सैकड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं।
इस वर्ष, इम्पीरियल ऑटो ने 10,000 पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है, जिसे पूरा करने के लिए संस्था पूरी निष्ठा और समर्पण से काम कर रही है। संस्था के अध्यक्ष, गुंजन मेहता ने इम्पीरियल ऑटो के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए बताया कि पौधरोपण के लिए उपयुक्त स्थान खोजने में दयालपुर गाँव के सरपंच और स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।
गाँव के सरपंच और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से, 2018 से खाली पड़ी हर्बल पार्क की चार एकड़ ज़मीन को पौधरोपण के लिए चुना गया। इसके बाद, लिखित अनुमति मिलने पर सबसे पहले एक एकड़ ज़मीन को साफ कर पौधरोपण के लिए तैयार किया गया। एक महीने से अधिक समय तक चली कड़ी मेहनत के बाद यहाँ बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण शुरू हुआ।
अब संस्था आगामी 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है, जिसमें इम्पीरियल ऑटो की टीम को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
यह अभियान सिर्फ पौधरोपण तक सीमित नहीं है; इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्थानीय समुदाय को इस पहल से जोड़ना भी है। नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल का मानना है कि जब समाज एकजुट होता है, तब ही हम पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं।
