प्रधानमंत्री मोदी ने CBSE परीक्षा में सफल छात्रों को दी शुभकामनाएं, कहा – "आपकी असली ताकत आपकी मार्कशीट से कहीं अधिक है"
परीक्षा में पास हुए छात्रों को प्रधानमंत्री ने बताया ‘एग्जाम वॉरियर्स‘
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में सफल हुए छात्रों को बधाई दी। उन्होंने इन विद्यार्थियों को ‘एग्जाम वॉरियर्स’ कहकर संबोधित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर विद्यार्थियों, उनके माता-पिता और शिक्षकों को उनकी मेहनत और समर्थन के लिए सराहा।
प्रधानमंत्री ने लिखा, “प्रिय एग्जाम वॉरियर्स, सीबीएसई की 12वीं और 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी छात्रों को बधाई। यह आपकी मेहनत, अनुशासन और प्रतिबद्धता का परिणाम है। यह दिन उन सभी के लिए भी खास है जिन्होंने इस यात्रा में आपका साथ दिया—चाहे वे माता-पिता हों, शिक्षक हों या मार्गदर्शक। आप सभी को भविष्य के अवसरों के लिए ढेरों शुभकामनाएं।”
असफल या कम अंक पाने वालों को भी मिला प्रोत्साहन
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दूसरे पोस्ट में उन छात्रों का भी उत्साहवर्धन किया जो इस परीक्षा में अपेक्षित परिणाम नहीं पा सके। उन्होंने लिखा, “जो छात्र अपने अंकों से थोड़ा निराश महसूस कर रहे हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि एक परीक्षा आपको परिभाषित नहीं करती। आपकी यात्रा बहुत बड़ी है और आपकी ताकत किसी भी मार्कशीट से कहीं अधिक है। आत्मविश्वास बनाए रखें, जिज्ञासु बनें क्योंकि भविष्य में आपके लिए अद्भुत अवसर इंतजार कर रहे हैं।”

12वीं का रिजल्ट 88.39%, करीब 15 लाख छात्र सफल
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने बताया कि इस वर्ष कक्षा 12वीं की परीक्षा में कुल 17,04,367 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 16,92,794 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और इनमें से 14,96,307 छात्रों ने सफलता प्राप्त की। कुल पास प्रतिशत 88.39% रहा, जो बीते वर्षों की तुलना में स्थिर और सकारात्मक प्रदर्शन को दर्शाता है।
*10वीं में 93.60% छात्रों की सफलता, करीब 22 लाख पास*
दसवीं कक्षा के नतीजे भी उत्साहजनक रहे, जिसमें कुल 93.60 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण घोषित किए गए। इस बार करीब 23 लाख छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें से 22 लाख छात्रों ने सफलता हासिल की है। यह परिणाम सीबीएसई बोर्ड के उच्च स्तर के मूल्यांकन और छात्रों की मेहनत को दर्शाता है।
