यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, हरियाणा से हुई गिरफ्तारी
जाने कौन हैं ज्योति मल्होत्रा?
हरियाणा की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा एक मशहूर यूट्यूबर हैं, जिनका चैनल Travel With Jo नाम से है। इस चैनल पर 37.7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। ज्योति इंस्टाग्राम पर भी काफी एक्टिव हैं और उनके 1.32 लाख फॉलोवर्स हैं। वह अपने सोशल मीडिया पर देश-विदेश की यात्रा से जुड़ी फोटोज़ और वीडियो शेयर करती रही हैं। ज्योति को घूमने-फिरने का शौक है और वे कई बार विदेश यात्राओं पर जा चुकी हैं।

पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क में शामिल होने का आरोप
हिसार पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा को भारत के खिलाफ जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि वे पाकिस्तान से जुड़े एक जासूसी नेटवर्क का हिस्सा थीं, जो हरियाणा और पंजाब में एक्टिव था। ज्योति पर आरोप है कि उन्होंने भारतीय खुफिया और संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान की एजेंसियों को दीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने पाकिस्तान की सकारात्मक छवि दिखाने के लिए यूट्यूब चैनल का इस्तेमाल किया।
पाकिस्तान और कश्मीर की यात्राएं बनीं शक की वजह
रिपोर्ट्स के अनुसार, ज्योति मल्होत्रा दो बार पाकिस्तान जा चुकी हैं। साल 2023 में उन्होंने कुछ एजेंटों की मदद से वीजा बनवाया और फिर पाकिस्तान गई थीं।इस दौरान उनकी मुलाकात पाकिस्तान हाई कमीशन में कार्यरत एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से हुई, जो कि संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि उसी के जरिए ज्योति का संपर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों से हुआ।
इसके अलावा, वे पिछले साल कश्मीर भी गई थीं और वहां की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं। उनकी गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को पहले से शक था।
सोशल मीडिया पर एक्टिव और हाल ही में गई थीं इंडोनेशिया
गिरफ्तारी से पहले ज्योति ने इंडोनेशिया यात्रा की थी। उन्होंने वहां की ट्रेनों और प्राकृतिक खूबसूरती की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थीं। उन्होंने लिखा था, “इंडोनेशियाई ट्रेन के साथ घुमक्कड़ी और ट्रेन की धूल से दूर।”
फिलहाल पुलिस ज्योति मल्होत्रा से पूछताछ कर रही है और इस केस में और भी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
