रामलला की शरण में पहुंचे विराट और अनुष्का
विराट कोहली ने 12 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। इसके बाद वे पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़े। रविवार को यह स्टार कपल अयोध्या पहुंचा और सुबह 7 बजे रामलला के दर्शन किए। मंदिर में वरिष्ठ पुजारी संतोष तिवारी ने उन्हें रामनामी ओढ़ाई। अनुष्का सिर पर चुनरी ओढ़े हाथ जोड़कर रामलला के सामने खड़ी दिखीं।
हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा–अर्चना
रामलला के दर्शन के बाद विराट और अनुष्का ने अयोध्या के प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में भी दर्शन किए। यहां पुजारी हेमंत दास ने उन्हें पूजा करवाई और हनुमान जी की मूर्ति तथा अंग वस्त्र भेंट किए। दोनों करीब 15 मिनट तक महंत श्री ज्ञान दास के उत्तराधिकारी संजय दास से निजी बातचीत में मंदिर की परंपरा और अयोध्या की संस्कृति के बारे में जानकारी लेते नजर आए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
विराट और अनुष्का की मंदिर में दर्शन करते हुए कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दोनों को भक्ति भाव से भगवान की आराधना करते हुए देखा गया। फैंस इनके इस धार्मिक और शांत रूप की खूब सराहना कर रहे हैं।
पहले वृंदावन में भी किए थे दर्शन
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के अगले दिन यानी 13 मई को विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे थे। यह उनका तीसरा दौरा था। वे इससे पहले जनवरी 2023 और जनवरी 2025 में भी वृंदावन आए थे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की और उनके आश्रम में 2 घंटे 20 मिनट बिताए। प्रेमानंद महाराज ने उन्हें आशीर्वाद दिया और चुनरी भेंट की।
लगातार चर्चा में विराट–अनुष्का की आध्यात्मिक यात्रा
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पिछले कुछ समय से अपनी आध्यात्मिक यात्राओं को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। कभी वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन तो कभी संतों से मिलना – दोनों का ये धार्मिक रुझान फैंस को भी प्रभावित कर रहा है। क्रिकेट और बॉलीवुड की यह जोड़ी अब न सिर्फ अपने प्रोफेशनल बल्कि धार्मिक जीवन को लेकर भी सुर्खियों में है।
