ताजमहल को उड़ाने की धमकी से हड़कंप, तीन घंटे चला तलाशी अभियान
पर्यटकों की सुरक्षा बनी प्राथमिकता, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
शनिवार सुबह देश के सबसे मशहूर ऐतिहासिक स्मारक ताजमहल को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद आगरा में सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। केरल से आए एक ईमेल में ताजमहल को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद तुरंत हाई अलर्ट जारी किया गया और ताजमहल परिसर में तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सुरक्षा को देखते हुए सीआईएसएफ, ताज सुरक्षा बल, पर्यटन विभाग और पुलिस बल ने मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया। बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स को भी ताजमहल परिसर में लगाया गया। स्मारक के हर कोने, बगीचों, मस्जिद परिसर, चमेली फर्श और मुख्य गुंबद तक की जांच की गई।
केरल से आया धमकी भरा ईमेल
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह 7 बजे एक व्यक्ति सव्वाकू शंकर की ईमेल आईडी से यूपी पर्यटन विभाग, दिल्ली पुलिस और एक अन्य अधिकारी को मेल भेजा गया। इसमें कहा गया कि ताजमहल को दोपहर 3:30 बजे तक आरडीएक्स से उड़ाया जाएगा।
ईमेल की जानकारी मिलते ही सभी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
तीन घंटे की तलाशी, पर्यटक रहे शांत
दोपहर 1 बजे से तलाशी अभियान शुरू किया गया जो लगभग 3 बजे तक चला। इस दौरान ताजमहल के चारों प्रवेश द्वारों पर कड़ी निगरानी रखी गई और पर्यटकों को पेन तक अंदर ले जाने की इजाजत नहीं दी गई।
हालांकि, इस तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने पूरा ध्यान रखा कि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो। जब कुछ लोगों ने चेकिंग के बारे में सवाल किया तो उन्हें बताया गया कि यह एक सुरक्षा अभ्यास है।
कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
तीन घंटे की कड़ी जांच के बाद भी कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सभी एजेंसियों ने राहत की सांस ली। ताज सुरक्षा के एसीपी सैयद अरीब अहमद और सीआईएसएफ कमांडेंट वैभव कुमार दुबे खुद पूरे तलाशी अभियान में मौजूद रहे और निगरानी करते रहे।
जांच में जुटी साइबर सेल
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह धमकी एक हॉक्स मेल (झूठी धमकी) थी जिसे केरल से भेजा गया था। ऐसे मेल देश के अन्य हिस्सों में भी भेजे गए हैं। फिलहाल इसकी जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस तरह की धमकियों को गंभीरता से लिया जाता है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
