गणेश जी भी विदेश से आते हैं’, पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के लिए किया बड़ा संदेश
पीएम मोदी ने अपील की – विदेशी सामान का त्याग करें, स्वदेशी अपनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के गांधीनगर में ‘गुजरात शहरी विकास योजना’ के 20वीं वर्षगांठ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और जनता से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की। उन्होंने अपने भाषण में देशवासियों से आग्रह किया कि वे विदेशी सामान का इस्तेमाल बंद करें और ‘स्वदेशी’ को प्राथमिकता दें।
पीएम मोदी ने चीन का नाम लिए बिना त्योहारी सीजन में विदेशी सामानों की भारत में बढ़ती बिक्री पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “गणेश जी भी विदेश से आते हैं, वो भी छोटी आंखों वाले। यहां तक कि उनकी आंखें भी नहीं खुल रही होती हैं।” उन्होंने कहा कि होली के रंग और पिचकारी तक विदेश से आने लगे हैं। यह बहुत दुख की बात है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ को बताया सिर्फ सेना नहीं, जनता की भी जिम्मेदारी
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए जरूरी है कि हम आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि आज जब हम आजादी के 100 वर्ष पूरे होने की ओर बढ़ रहे हैं, तब हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम भारतीय उत्पादों का ही इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की कि वे मुनाफे के लालच में विदेशी सामान न बेचें।
मोदी ने कहा, “आप घर जाएं और देखें कि आपके घर में कितनी चीजें विदेशी हैं – हेयरपिन से लेकर टूथपिक तक। हमें पता भी नहीं चलता और विदेशी सामान घर में आ जाता है। अब ये जिम्मेदारी सिर्फ सैनिकों की नहीं है, 140 करोड़ देशवासियों की भी है।”
चीन पर साधा निशाना, त्योहारों में बिकने वाले विदेशी उत्पादों पर जताई चिंता
उन्होंने बताया कि पहले लोग विदेश जाने वाले रिश्तेदारों को चीजों की लिस्ट देते थे कि क्या-क्या लेकर आना है। लेकिन अब लोग कहते हैं कि कुछ मत लाओ, यहां सब कुछ मिल जाता है। यही आत्मनिर्भर भारत की पहचान है।
ऑपरेशन सिंदूर का किया ज़िक्र
प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की भी सराहना की, जो भारतीय सेना द्वारा हाल ही में किया गया एक विशेष अभियान है। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन में महज 22 मिनट में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर खत्म कर दिया गया। इस कार्रवाई की लाइव रिकॉर्डिंग भी की गई ताकि देश को किसी सबूत की जरूरत न पड़े।
उन्होंने पाकिस्तान पर भी सीधा हमला बोला और कहा, “6 मई की रात जो आतंकवादी मारे गए, पाकिस्तान ने उन्हें स्टेट ऑनर दिया। उनके जनाजों पर राष्ट्रीय झंडा लगाया गया और सेना ने उन्हें सलामी दी। इससे साबित होता है कि यह कोई छद्म युद्ध नहीं, बल्कि सीधा युद्ध है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण के अंत में दोहराया कि अब समय आ गया है जब देश का हर नागरिक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का हिस्सा बने और अपने घर से ही विदेशी सामान को बाहर का रास्ता दिखाए।
