यूपी सरकार का बड़ा ऐलान: पुलिस भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को मिलेगा 20% आरक्षण
पुलिस और पीएसी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को मिलेगा विशेष मौका
उत्तर प्रदेश सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए एक बड़ी राहत भरी घोषणा की है। राज्य पुलिस और पीएसी की सीधी भर्ती में अब पूर्व अग्निवीरों को 20% क्षैतिज आरक्षण मिलेगा। यह फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। इस फैसले का उद्देश्य देश की सेवा कर लौटे युवाओं को मुख्यधारा में शामिल करना और उन्हें स्थायी रोजगार उपलब्ध कराना है।
राज्य के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि यह आरक्षण अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी कर चुके अग्निवीरों को दिया जाएगा। इसके साथ ही पूर्व अग्निवीरों को अधिकतम आयु सीमा में तीन साल की छूट भी दी जाएगी, ठीक वैसे ही जैसे भूतपूर्व सैनिकों को मिलती है। यह लाभ उत्तर प्रदेश पुलिस, पीएसी, घुड़सवार आरक्षी और फायरमैन की सीधी भर्ती में लागू होगा।

अन्नपूर्णा भवन योजना को मिली मंजूरी, अब राशन वितरण होगा और आसान
कैबिनेट बैठक में राज्य सरकार ने ‘अन्नपूर्णा भवन योजना’ को भी मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत उन राशन दुकानों के लिए नए भवन बनाए जाएंगे जो वर्तमान में तंग गलियों या ऐसी जगहों पर हैं जहां ट्रकों की आवाजाही में दिक्कत होती है।
नए अन्नपूर्णा भवनों में गोदाम और वितरण केंद्र दोनों एक ही स्थान पर होंगे, जिससे राशन वितरण की प्रक्रिया सरल और व्यवस्थित हो जाएगी। सरकार ने इस योजना के लिए 200 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। भवनों का निर्माण महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कराया जाएगा। साथ ही, भवनों के रखरखाव के लिए भी अलग व्यवस्था की जाएगी, जिससे ये लंबे समय तक टिकाऊ बने रहें।
धार्मिक स्थलों पर सस्ते और सुविधाजनक होम स्टे की सुविधा शुरू होगी
बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक और अहम फैसला लेते हुए ‘यूपी होम स्टे नीति’ को मंजूरी दी। इस नीति के तहत धार्मिक स्थलों और पर्यटक क्षेत्रों के आसपास स्थानीय लोगों को अपने घरों को होम स्टे में बदलने की अनुमति दी जाएगी।
इस नीति के अनुसार, लोग 1 से 6 कमरों तक (अधिकतम 12 बेड) का होम स्टे चला सकेंगे, जिससे श्रद्धालु और पर्यटक आरामदायक और किफायती ठहराव का लाभ उठा सकें। एक श्रद्धालु अधिकतम 7 दिनों तक वहां ठहर सकता है। यह कदम पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने की दिशा में भी सहायक साबित होगा।
