आमिर खान की बड़ी सौगात: यूट्यूब पर फ्री में दिखाएंगे 'तारे ज़मीन पर', लेकिन सिर्फ कुछ दिन
‘तारे ज़मीन पर’ होगी यूट्यूब पर फ्री में उपलब्ध
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने अपने फैंस को एक खास तोहफा देने का ऐलान किया है। उन्होंने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘तारे ज़मीन पर’ को यूट्यूब पर फ्री में रिलीज करने का फैसला लिया है। ये फिल्म आमिर खान टॉकीज नाम के यूट्यूब चैनल पर कुछ ही हफ्तों के लिए उपलब्ध होगी। आमिर ने बताया कि यह फैसला उन्होंने अपने फैंस की डिमांड और फिल्म की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए लिया है।
हाल ही में मुंबई में ‘तारे ज़मीन पर’ के एक फैन मीट का आयोजन किया गया था। इस दौरान आमिर ने बताया कि अभी ये फिल्म किसी भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नहीं है। इस पर फैंस ने फिल्म को दोबारा देखने की इच्छा जताई। आमिर ने फौरन मंच से ऐलान किया कि वह फिल्म को अपने यूट्यूब चैनल पर मुफ्त में स्ट्रीम करेंगे, जिससे सभी लोग आसानी से देख सकें।
सिर्फ कुछ हफ्तों के लिए होगी उपलब्ध
हालांकि, आमिर ने ये भी साफ किया कि ‘तारे ज़मीन पर’ यूट्यूब पर हमेशा के लिए नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि यह फिल्म सिर्फ 1 या 2 हफ्तों के लिए ही उपलब्ध कराई जाएगी। आमिर के मुताबिक, “मैं अपनी टीम को कहूंगा कि फिल्म को चैनल पर जल्द अपलोड किया जाए, लेकिन ये वहां बहुत लंबे समय तक नहीं रहेगी। इसका मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा लोग एक सीमित समय में इसे देखें और फिर हटाया जाएगा।”
फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह देखकर आमिर भी काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके दिल के बेहद करीब है और वह चाहते हैं कि आज की नई पीढ़ी भी इसे देखे और समझे कि हर बच्चे की सोच अलग होती है।

‘सितारे ज़मीन पर’ के साथ-साथ ‘महाभारत’ पर भी काम जारी
इन दिनों आमिर खान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ को लेकर भी चर्चाओं में हैं। यह फिल्म 2007 में आई ‘तारे ज़मीन पर’ की तरह बच्चों और शिक्षा पर आधारित होगी, लेकिन इसकी कहानी अलग और प्रेरणादायक होगी। आमिर ने फिल्म का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च किया था, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। उन्होंने कहा है कि इस फिल्म को वह किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज नहीं करेंगे, बल्कि केवल थिएटर में ही रिलीज किया जाएगा।
इसके अलावा आमिर अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘महाभारत’ पर भी काम शुरू करने वाले हैं। उन्होंने पहले ही इशारा दिया है कि इस फिल्म में वह भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाना चाहते हैं। हालांकि यह प्रोजेक्ट अभी शुरुआती चरण में है।
फैंस में खुशी की लहर
आमिर खान के इस फैसले से उनके फैंस बेहद उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं कि उन्होंने अपनी सुपरहिट फिल्म को फ्री में देखने का मौका दिया है। अब फैंस को बस इस बात का इंतजार है कि फिल्म किस दिन यूट्यूब पर अपलोड की जाएगी।
इस पहल से साफ है कि आमिर सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि दर्शकों की भावनाओं को समझने वाले सच्चे कलाकार हैं।
