कमल हासन को हाईकोर्ट से फटकार, कन्नड़ भाषा पर बयान के बाद 'ठग लाइफ' की कर्नाटक रिलीज रोकी
कन्नड़ भाषा पर बयान से बढ़ा विवाद
कमल हासन अपने फिल्म ‘ठग लाइफ’ के प्रमोशन के दौरान दिए गए एक बयान के चलते विवादों में घिर गए हैं। चेन्नई में फिल्म के ऑडियो लॉन्च के दौरान उन्होंने कहा था कि “कन्नड़ भाषा, तमिल से निकली है”। इस बयान को लेकर कर्नाटक में कई संगठनों और लोगों ने नाराजगी जताई। कन्नड़ समर्थकों ने इसे भाषा और सांस्कृतिक गौरव के खिलाफ बताया और अभिनेता से माफी की मांग की।
हाईकोर्ट ने लगाई फटकार, कहा – ‘आप कमल हासन होंगे लेकिन…’
कमल हासन ने फिल्म की कर्नाटक में सुरक्षित रिलीज को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस पर सुनवाई करते हुए कर्नाटक हाईकोर्ट ने अभिनेता को फटकार लगाई और कहा – “बेशक आप कमल हासन होंगे, लेकिन आपको किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है।” कोर्ट ने यह भी कहा कि एक सार्वजनिक व्यक्ति होने के नाते उन्हें ऐसे संवेदनशील विषयों पर बोलने से पहले सतर्क रहना चाहिए।
हाईकोर्ट ने माफी की सलाह दी, कमल हासन ने नहीं मांगी माफी
कोर्ट ने कहा कि कमल हासन न तो भाषाविद् हैं और न ही इतिहासकार, इसलिए उन्हें इस तरह की टिप्पणियां करने से बचना चाहिए। जब कर्नाटक के लोग और संगठन उनसे माफी की मांग कर रहे हैं तो माफी मांगने में कोई हर्ज नहीं है। हालांकि, कमल हासन के वकील ने कोर्ट को बताया कि अभिनेता ने फिल्म चैंबर को जवाबी पत्र जरूर भेजा है, लेकिन उसमें केवल स्पष्टीकरण दिया गया है, माफी नहीं मांगी गई है।

‘ठग लाइफ’ की कर्नाटक रिलीज पर रोक, अगली सुनवाई 10 जून को
कमल हासन ने फिलहाल फिल्म को कर्नाटक में रिलीज न करने का फैसला लिया है। कोर्ट में उनके वकील ने कहा कि वह फिल्म चैंबर से बातचीत करने के बाद आगे का फैसला लेंगे। इस पर कोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख 10 जून तय कर दी है। मणिरत्नम द्वारा निर्देशित ‘ठग लाइफ’ 5 जून को दुनियाभर में रिलीज हो रही है, लेकिन कर्नाटक में इसकी रिलीज फिलहाल टाल दी गई है।
