10 जून को होगी लॉन्चिंग, 11 जून को पहुंचेेंगे अंतरिक्ष स्टेशन
लखनऊ के रहने वाले 39 वर्षीय शुभांशु शुक्ला अब अंतरिक्ष की उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह 10 जून को अमेरिका के कैनेडी स्पेस सेंटर, फ्लोरिडा से ‘स्पेसएक्स’ के फाल्कन-9 रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष के लिए रवाना होंगे। यह मिशन अमेरिका की एक्सिओम स्पेस कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा है।
शुभांशु इस मिशन “एक्सिओम-4″ में पायलट की भूमिका निभा रहे हैं और उनके साथ तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री—अमेरिका की पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोस्ज उजनांस्की और हंगरी के टिबोर कापू—भी अंतरिक्ष की उड़ान भरेंगे।

राकेश शर्मा से मिली प्रेरणा
शुभांशु शुक्ला ने कहा कि वह बचपन से ही भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा से प्रेरित रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैंने राकेश शर्मा जी की कहानी किताबों में पढ़ी थी और मैं उनसे बहुत प्रभावित हुआ।”
अब वह खुद भी इतिहास रचने जा रहे हैं और राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष जाने वाले दूसरे भारतीय बनेंगे। राकेश शर्मा ने 1984 में रूस के सोयूज अंतरिक्ष यान से अंतरिक्ष यात्रा की थी।
यह मेरा ड्रीम जॉब हैः शुभांशु
एक्सिओम स्पेस द्वारा जारी किए गए वीडियो में शुभांशु ने अपनी जर्नी के बारे में बताया। वीडियो की शुरुआत उन्होंने “नमस्ते” कहकर की और कहा कि यह मिशन उनके लिए “ड्रीम जॉब” जैसा है। उन्होंने कहा, “मुझे गर्व है कि मैं इस मिशन को लीड कर रहा हूं। अब मेरी अमेजिंग जर्नी शुरू होने जा रही है।”
उन्होंने यह भी बताया कि उनकी टीम के सभी सदस्य बहुत अच्छे हैं और मिशन के बाद ये सभी लोग उनके उम्र भर के दोस्त बन जाएंगे।
नई पीढ़ी को देना चाहते हैं प्रेरणा
शुभांशु शुक्ला का मानना है कि अगर उनकी कहानी किसी एक इंसान की जिंदगी भी बदल देती है, तो यही उनकी सबसे बड़ी सफलता होगी। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि मेरी यह यात्रा भारत के युवाओं को प्रेरित करे, खासतौर पर छोटे शहरों और कस्बों से आने वाले बच्चों को।”
लखनऊ से अंतरिक्ष तक का सफर
शुभांशु लखनऊ के रहने वाले हैं। उन्होंने वहां के स्कूलों से पढ़ाई की और फिर धीरे-धीरे अपनी मेहनत और लगन से अंतरिक्ष यात्री बनने का सपना पूरा किया। उनकी यह यात्रा उन सभी के लिए प्रेरणा है जो छोटे शहरों से बड़े सपने देखते हैं।
वीडियो
वीडियो हुआ वायरल
एक्सिओम स्पेस द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। लोग शुभांशु को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी इस ऐतिहासिक यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
