रणबीर-आलिया का ड्रीम होम बनकर तैयार, बेटी राहा संग दिवाली पर गृहप्रवेश की तैयार
चार मंज़िला आलीशान बंगला हुआ तैयार
मुंबई। बॉलीवुड के स्टार कपल रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का बहुप्रतीक्षित ड्रीम होम अब बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है। लंबे समय से इस आलीशान बंगले के निर्माण कार्य में जुटे इस कपल को आखिरकार अपने सपनों का आशियाना मिल गया है। सोशल मीडिया पर इस बंगले की ताजा झलक सामने आई है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि घर का ज्यादातर काम पूरा हो चुका है और गृहप्रवेश की तैयारी जल्द ही हो सकती है।
बॉलीवुड के फेमस पैपराजी विरल भयानी ने इस बंगले का वीडियो शेयर किया है, जिसमें चार मंजिला इस शानदार इमारत की खूबसूरती देखने लायक है। टॉप फ्लोर पर गार्डन जैसा ओपन एरिया, हरे-भरे पौधे, बालकनी की शानदार सजावट और बेहतरीन आर्किटेक्चर इस प्रॉपर्टी को खास बनाते हैं।
![]()
250 करोड़ की भव्य प्रॉपर्टी
सूत्रों के अनुसार, इस बंगले की अनुमानित कीमत लगभग ₹250 करोड़ बताई जा रही है। यह प्रॉपर्टी मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा में स्थित है और कपूर खानदान की विरासत से जुड़ी हुई है। पहले यह संपत्ति रणबीर कपूर के दादा-दादी राज कपूर और कृष्णा राज कपूर की थी। 1980 में यह ऋषि कपूर और नीतू कपूर को मिली थी, जिसे अब रणबीर ने पुनर्निर्मित कराकर आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिया है।
रणबीर-आलिया की बेटी राहा के लिए खास सेक्शन
इस आलीशान घर को खास तौर पर रणबीर और आलिया ने अपनी बेटी राहा कपूर के लिए डिजाइन कराया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहा के लिए एक अलग और खास नर्सरी तैयार की गई है जिसमें उसकी सुरक्षा और खेलने के लिए तमाम इंतज़ाम किए गए हैं। घर में स्विमिंग पूल, मिनी थिएटर, जिम, लाइब्रेरी और स्पा जैसी लग्ज़री सुविधाएं भी मौजूद हैं।
गृहप्रवेश पर दिवाली की तैयारी
कपूर परिवार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि रणबीर और आलिया इस साल दिवाली पर अपने नए घर में प्रवेश करने की योजना बना रहे हैं। कपल अपने बिजी शेड्यूल के बावजूद कई बार साइट पर जाकर काम का निरीक्षण करते रहे हैं। हाल ही में रणबीर अकेले भी साइट पर पहुंचे थे जब आलिया कान्स फिल्म फेस्टिवल में व्यस्त थीं।
घर का नाम भी बेहद भावनात्मक रखा गया है—“कृष्णा राज”, जो रणबीर की दादी कृष्णा राज कपूर के नाम पर है। यह नाम इस बंगले से कपूर खानदान के भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।
फैंस में उत्साह, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
रणबीर-आलिया के फैंस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर बेहद उत्साहित हैं। यूजर्स कमेंट्स में पूछ रहे हैं कि कपल अपने नए घर में कब शिफ्ट होंगे और क्या वे गृहप्रवेश की तस्वीरें शेयर करेंगे। इस नए घर को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चाएं हैं और फैंस को उम्मीद है कि दिवाली पर उन्हें अंदर की एक झलक ज़रूर देखने को मिलेगी।
