डॉ. के.ए. पॉल का बड़ा बयान – रूस पर लगाया पाकिस्तान को सैन्य मदद देने का आरोप, अमेरिका से प्रतिबंध की मांग
रूस पर पाकिस्तान को समर्थन देने का आरोप, डॉ. पॉल ने मांगे सख्त अमेरिकी प्रतिबंध
विश्व शांति कार्यकर्ता डॉ. के.ए. पॉल ने आज दिल्ली स्थित ए.पी. भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जहां उन्होंने हाल ही में हुए अमेरिका दौरे और कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी बात रखी।
डॉ. पॉल ने आरोप लगाया कि रूस, पाकिस्तान को हथियार और फंडिंग देकर दक्षिण एशिया में तनाव फैला रहा है। उन्होंने अमेरिका से अपील की कि वह रूस पर सख्त प्रतिबंध लगाए। उनका कहना है कि भारत जहां आतंकवाद से जूझ रहा है, वहीं रूस पाकिस्तान की मदद कर भारत की पीठ में छुरा घोंप रहा है।
डॉ. पॉल ने बताया कि वॉशिंगटन डी.सी. और न्यूयॉर्क में उनकी कई अमेरिकी सांसदों से मुलाकात हुई है। उनके अनुसार, डेमोक्रेट्स के सभी और लगभग 80% रिपब्लिकन सांसद रूस पर प्रतिबंधों के समर्थन में हैं और ये प्रतिबंध जून के अंत तक लागू हो सकते हैं।
दुनिया का सबसे बड़ा शांति सम्मेलन जल्द होगा आयोजित
डॉ. पॉल ने यह भी घोषणा की कि वे साल के अंत तक न्यूयॉर्क में एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मेलन आयोजित करने जा रहे हैं। इसमें यूक्रेन युद्ध, गाज़ा संकट और मध्य पूर्व के मुद्दों पर चर्चा होगी। सम्मेलन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
तेलंगाना सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप

डॉ. पॉल ने तेलंगाना कांग्रेस के विधायक मंडुला सैमुअल के एक वायरल वीडियो का ज़िक्र करते हुए राज्य में नेताओं द्वारा रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रविंद्र रेड्डी, कांग्रेस में होते हुए भी बीजेपी के साथ मिलकर नई सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें 25–30 विधायक शामिल हो सकते हैं। उन्होंने इसे महाराष्ट्र की हालिया राजनीतिक घटनाओं से जोड़ा।
न्यायपालिका से संविधान की रक्षा की अपील
डॉ. पॉल ने चुनाव आयोग की निष्क्रियता और विधायकों की अयोग्यता तय करने में देरी पर चिंता जताई। उन्होंने भारत की न्यायपालिका से अपील की कि वह लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हस्तक्षेप करे और साहसिक फैसले ले।
अंत में डॉ. पॉल ने कहा
देश और दुनिया को मिलकर लोकतंत्र, पारदर्शिता और शांति के लिए काम करना होगा। सभी को एकजुट होकर संस्थाओं की रक्षा और लोगों के अधिकारों को सुरक्षित रखने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
