साउथ सुपरस्टार अक्किनेनी नागार्जुन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'कुबेर' को लेकर खासा चर्चा में हैं। फिल्म 20 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
डीएसपी के संगीत को बताया ध्यान में ले जाने वाला अनुभव
साउथ सुपरस्टार अक्किनेनी नागार्जुन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘कुबेर’ को लेकर खासा चर्चा में हैं। फिल्म 20 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। हाल ही में नागार्जुन ने फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर देवी श्री प्रसाद (डीएसपी) की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “जब मैंने फिल्म का एक गाना सुना, तो ऐसा लगा जैसे मैं किसी ध्यान की अवस्था में पहुंच गया हूं। डीएसपी का संगीत एक अनुभव की तरह है, जो श्रोता को भीतर तक छू जाता है।” नागार्जुन के मुताबिक, डीएसपी का हर सुर एक कहानी कहता है, जो सीधे दिल तक उतर जाता है।
“तेलुगू में इसे ‘पोनाकालु‘ कहते हैं” – नागार्जुन का अनोखा अंदाज़
नागार्जुन ने डीएसपी की अलग और अनोखी शैली की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “तेलुगू में हम इस तरह के प्रभावशाली संगीत को ‘पोनाकालु‘ कहते हैं, यानी ऐसा अनुभव जो आपको अलग ही दुनिया में ले जाए।” उनका मानना है कि डीएसपी का संगीत सिर्फ युवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर उम्र के संगीत प्रेमियों को पसंद आता है। फिल्म ‘कुबेर’ में डीएसपी ने चार गाने कंपोज किए हैं, जो पहले ही यूट्यूब और म्यूजिक ऐप्स पर खूब पसंद किए जा रहे हैं। फैंस गानों की तारीफ करते नहीं थक रहे।
टीज़र एडिटर सुश्रुत चिलकापति को भी मिली सराहना
सिर्फ डीएसपी ही नहीं, फिल्म के टीजर एडिटर सुश्रुत चिलकापति को भी नागार्जुन ने सराहा। उन्होंने कहा, “जब मैंने ‘कुबेर’ का टीजर पहली बार देखा, तो मैं हैरान रह गया। कहानी को जिस संक्षिप्त और प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया है, वो काबिल-ए-तारीफ है।”
नागार्जुन ने यह भी बताया कि सुश्रुत ‘अन्नपूर्णा कॉलेज ऑफ फिल्म एंड मीडिया‘ के पूर्व छात्र हैं, जो अक्किनेनी परिवार द्वारा स्थापित संस्थान है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान अब बेहतरीन टैलेंट को तैयार कर रहा है, और सुश्रुत इसका बेहतरीन उदाहरण हैं।

दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म ‘कुबेर‘
‘कुबेर’ का निर्देशन शेखर कम्मुला ने किया है और फिल्म की कहानी, संगीत और कास्टिंग तीनों को लेकर फैंस में काफी उत्साह है। नागार्जुन के अलावा इस फिल्म में धनुष, रश्मिका मंदाना, और जिम सर्भ जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।
फिल्म का प्लॉट फिलहाल गुप्त रखा गया है, लेकिन ट्रेलर और म्यूजिक की लोकप्रियता से साफ है कि यह फिल्म एंटरटेनमेंट, इमोशन और थ्रिल का जबरदस्त कॉम्बिनेशन होगी। यह फिल्म नागार्जुन के करियर की एक और बड़ी फिल्म बन सकती है।
