राहुल गांधी के जन्मदिन पर मौके पर सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयों का तांता लग गया है।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज 55 साल के हो गए हैं।
मुंबई । राहुल गांधी के जन्मदिन पर मौके पर सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयों का तांता लग गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर विपक्ष और विभिन्न दलों के नेताओं ने राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। ट्विटर (एक्स) पर राहुल गांधी आज ट्रेंड कर रहे हैं और लोग उनकी तस्वीरें व पुराने वीडियो शेयर कर रहे हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,
“लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।”
यह शुभकामना पार्टी लाइन से हटकर दी गई, जिसे सोशल मीडिया पर लोगों ने काफी सराहा।
विपक्षी नेताओं ने दी भावनात्मक बधाई
कई विपक्षी नेताओं ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके राजनीतिक योगदान की तारीफ की।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने लिखा,
“सामाजिक न्याय के प्रति आपकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता ने राजनीतिक विमर्श को नई दिशा दी है। आने वाला साल आपके लिए सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य लेकर आए।”
वहीं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उन्हें दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
तेजस्वी यादव और शत्रुघ्न सिन्हा ने भी दी बधाई
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा,
“आपके सफल, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना करता हूं।”
वहीं अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने राहुल गांधी के साथ एक मुस्कुराती तस्वीर शेयर कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
सीएम सुक्खू ने कहा – “मोहब्बत की विचारधारा हैं राहुल”
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राहुल गांधी को बेहद भावुक शब्दों में बधाई दी।
उन्होंने लिखा,
“राहुल गांधी सिर्फ राजनेता नहीं, मोहब्बत की विचारधारा हैं। जहां डर है, वहां वह निर्भयता हैं, जहां सच्चाई पर पहरा है, वहां वह प्रहरी बनते हैं। उनके साहस और संवेदनशीलता से हम सभी को प्रेरणा मिलती है।”
उन्होंने देवभूमि हिमाचल की ओर से राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और सफल जीवन की कामना की।
