मुंबई। बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने एक बार फिर अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प पोस्ट शेयर की है।
स्कूल के दिनों से था शशि कपूर पर दिल, जीनत अमान ने साझा की खास यादें
मुंबई। बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने एक बार फिर अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प पोस्ट शेयर की है। इस बार उन्होंने दिवंगत अभिनेता शशि कपूर के साथ अपने जुड़ाव और यादों को साझा किया है। उन्होंने न केवल बताया कि वह स्कूल टाइम से ही शशि कपूर पर फिदा थीं, बल्कि उनके साथ काम करने के अनुभव को भी बेहद खास बताया।
स्कूल के दिनों से थीं शशि कपूर की दीवानी
जीनत अमान ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि वह स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही शशि कपूर को पसंद करने लगी थीं। पहली बार उन्होंने उन्हें पंचगनी के बोर्डिंग स्कूल में देखा था, जहां शशि कपूर अपनी पत्नी जेनिफर के साथ थिएटर परफॉर्मेंस देने आए थे।
“उनकी परफॉर्मेंस देखने के बाद हम सब छात्राएं उन पर फिदा हो गई थीं। उनकी आंखों की चमक और उनका आत्मविश्वास हम सबको बहुत भाया।”

‘ताज़ी हवा’ के बहाने देखने जाती थीं शशि कपूर को
जीनत ने बताया कि शशि कपूर उनके घर के पास ही साउथ बॉम्बे में रहते थे।
“एक दिन पता चला कि वो हर शाम 6 बजे वॉक पर निकलते हैं। बस फिर क्या था, मैं और मेरी दोस्तें ‘ताज़ी हवा’ लेने के बहाने बाहर निकलती थीं, ताकि एक झलक पा सकें।”
यह किस्सा पढ़कर हर कोई अपनी किशोरावस्था की मासूम यादों को जरूर याद करेगा।

पर्दे पर क्रश के साथ काम करना रहा सपना जैसा
जीनत अमान ने लिखा कि उनका सपना था कि वह कभी अपने क्रश शशि कपूर के साथ काम करें, और यह सपना सच भी हुआ। उन्होंने साथ में ‘रोटी, कपड़ा और मकान’, ‘चोरी मेरा काम’, और ‘वकील बाबू’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया।
“शशि कपूर बहुत हाजिरजवाब, समझदार और मजाकिया इंसान थे। उनके साथ काम करना मेरे करियर के सबसे बेहतरीन अनुभवों में से एक था।”
‘सत्यम शिवम सुंदरम’ के किस सीन पर बोलीं – यह पवित्र था
फिल्म ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ के उस चर्चित सीन के बारे में भी जीनत ने खुलकर बात की, जिसे लेकर उस दौर में काफी विवाद हुआ था।
“इस सीन को लेकर बहुत बातें हुईं, लेकिन शूटिंग के वक्त मुझे बिल्कुल असहज महसूस नहीं हुआ। मेरे लिए यह सीन बेहद पवित्र और भावनात्मक था।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह आज भी उस स्कूली छात्रा की तरह महसूस करती हैं जिसने अपने ‘क्रश’ के साथ स्क्रीन पर काम करने का सपना पूरा किया।
