अच्छा मानसून बनेगा देश की अर्थव्यवस्था का बूस्टर, कृषि से लेकर बाजार तक दिखेगा असर
सामान्य से बेहतर मानसून से कृषि आय में 10-15% बढ़ोतरी की उम्मीद
साल 2025 में मानसून सामान्य से बेहतर रहने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे देश की ग्रामीण और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नया सहारा मिल सकता है। स्मॉलकेस मैनेजर ‘गोलफाई’ की रिपोर्ट के अनुसार, अगर बारिश समय से पहले और पर्याप्त होती है, तो ट्रैक्टर, खाद-बीज, ग्रामीण फाइनेंस कंपनियों और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स जैसे कृषि आधारित क्षेत्रों की कमाई में सालाना आधार पर 10-15% की बढ़ोतरी संभव है।
इससे किसानों की आय बढ़ेगी, ग्रामीण बाजार में मांग भी तेज होगी और आर्थिक गतिविधियों में रफ्तार आएगी। साथ ही, फसल उत्पादन अच्छा होने से खाद्य वस्तुओं की कीमतें स्थिर रह सकती हैं, जिससे महंगाई भी काबू में रहेगी।
महंगाई पर नियंत्रण से ब्याज दरें घटने की संभावना
अच्छे मानसून का असर सिर्फ कृषि तक सीमित नहीं रहेगा। इसका सीधा असर देश की मौद्रिक नीति यानी RBI की ब्याज दरों पर भी पड़ सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगर महंगाई दर 4% से नीचे बनी रहती है, तो जून 6 को होने वाली आरबीआई की मौद्रिक नीति बैठक में रेपो रेट में 0.25% की कटौती हो सकती है, जिससे यह 5.75% पर आ जाएगा।
अगस्त में होने वाली अगली बैठक में भी ब्याज दर को और घटाकर 5.5% किए जाने की संभावना जताई गई है। इसका लाभ उन क्षेत्रों को मिलेगा जो ब्याज दर के प्रति संवेदनशील हैं—जैसे कि हाउसिंग, ऑटोमोबाइल और नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियां (NBFCs)। इससे इन क्षेत्रों में निवेश और मांग दोनों बढ़ सकती है।

ग्रामीण मांग बढ़ेगी, शेयर बाजार से 6-8% रिटर्न की संभावना
‘गोलफाई’ के फाउंडर रॉबिन आर्य ने कहा कि भारत 2025 में एक अहम आर्थिक मोड़ पर है, जहां मानसून और चुनावी स्थिरता मिलकर विकास की नई दिशा तय कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मांग बढ़ने और ब्याज दर में कटौती के चलते अगले दो तिमाहियों में निफ्टी इंडेक्स से 6-8% तक रिटर्न की उम्मीद है।
इतिहास गवाह है कि जब भी मानसून अच्छा रहता है, तब ग्रामीण आय में 5-7% की बढ़ोतरी होती है। इसका असर उपभोक्ता वस्तुएं बेचने वाली कंपनियों और कंज्यूमर सेक्टर पर साफ देखा जा सकता है।
भारत की अर्थव्यवस्था में मानसून हमेशा से एक बड़ा कारक रहा है। इस साल अच्छे मानसून की संभावना ने सरकार, निवेशकों और बाजार में सकारात्मक माहौल बना दिया है। अगर सब कुछ अनुकूल रहा, तो आने वाले महीनों में न सिर्फ खेती और ग्रामीण इलाकों में खुशहाली आएगी, बल्कि शहरी बाजारों और उद्योगों में भी नई ऊर्जा का संचार होगा। इससे भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में मजबूती से आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
