अहमदाबाद से उड़ान भरते ही क्रैश हुआ एयर इंडिया का विमान, लंदन जा रही थी फ्लाइट, 242 यात्री थे सवार
टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही हादसा, मेघानीनगर में गिरा विमान
गुजरात के अहमदाबाद शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो लंदन जा रही थी, टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही क्रैश हो गई। यह हादसा मेघानीनगर इलाके में हुआ, जो एक रिहायशी क्षेत्र है। विमान के गिरते ही वहां जोरदार धमाका हुआ और आसमान में घना काला धुआं उठता देखा गया।

1:17 PM पर टेकऑफ, 5 मिनट बाद बिगड़े हालात
फ्लाइट ने दोपहर 1:17 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। इससे पहले 1:10 बजे तक सभी 242 यात्रियों की बोर्डिंग पूरी हो चुकी थी। शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद पायलट को तकनीकी गड़बड़ी के संकेत मिले। पायलट ने तुरंत कंट्रोल टावर से इमरजेंसी के लिए संपर्क किया, लेकिन समय रहते विमान को सुरक्षित नहीं उतारा जा सका और वह शहर के घनी आबादी वाले इलाके में गिर गया।
हादसे के बाद इलाके में मची अफरा-तफरी, राहत कार्य जारी
क्रैश के तुरंत बाद पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। आसपास की इमारतों और घरों को भी नुकसान पहुंचा है। NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की तीन टीमें गांधीनगर से मौके पर रवाना की गई हैं, जबकि वडोदरा से भी तीन अतिरिक्त टीमें भेजी जा रही हैं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत व बचाव कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।
DGCA ने दी जानकारी, विमान में थे 242 लोग
DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) के अनुसार, यह एयर इंडिया की नियमित फ्लाइट थी, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें यात्रियों के अलावा क्रू मेंबर्स भी शामिल थे। विमान के गिरने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही लग सकेगा। एयर इंडिया और DGCA ने जांच शुरू कर दी है।
सामने आईं क्रैश साइट की तस्वीरें, मंजर देख कांपे लोग
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर क्रैश साइट की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आ चुके हैं। इनमें दिख रहा है कि विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और आसमान में धुएं के गुबार उठ रहे हैं। चश्मदीदों का कहना है कि हादसा इतना भयानक था कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। राहत टीमों ने मलबे से लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया है और घायलों को पास के अस्पतालों में भेजा जा रहा है।
