यूज्बेकिस्तान यूनिवर्सिटी ऑफ जर्नलिज़्म एंड मास कम्युनिकेशन और भारत के एमईआरआई ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के बीच आधुनिक पत्रकारिता प्रशिक्षण को लेकर सहयोगात्मक पहल हुई तेज।
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर 2025
भारत और उज्बेकिस्तान के बीच उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग लगातार गहराता जा रहा है। इसी क्रम में उज्बेकिस्तान यूनिवर्सिटी ऑफ जर्नलिज़्म एंड मास कम्युनिकेशन (UzJOKU) में भारत के एमईआरआई ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पत्रकारिता और मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में साझेदारी को और सुदृढ़ करना था।
बैठक के दौरान दोनों संस्थानों ने पारस्परिक हितों पर आधारित नए सहयोगी कार्यक्रमों पर चर्चा की, जिनमें छात्र और प्राध्यापक आदान-प्रदान, संयुक्त शैक्षणिक पाठ्यक्रम, द्विपक्षीय डिग्री, ऑनलाइन कोर्स, सेमिनार और शोध परियोजनाएँ शामिल हैं।
यह सहयोग इस वर्ष वसंत ऋतु में शुरू हुआ था, जब उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल ने भारत यात्रा के दौरान एमईआरआई ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के साथ एक सहमति ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए थे। यह समझौता दोनों देशों के बीच पत्रकारिता प्रशिक्षण में नए अवसरों का द्वार खोलता है।
बैठक में इस समझौते के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया गया। दोनों पक्षों ने संयुक्त व्याख्यान, विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम और मीडिया शोध के नए क्षेत्रों में साथ काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
यह साझेदारी न केवल युवा पत्रकारों को आधुनिक मीडिया कौशल से सशक्त बनाएगी, बल्कि भारत और उज्बेकिस्तान के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को भी और गहरा करेगी।
