महिला किसान दिवस पर 15 अक्टूबर को प्रसारित होगा विशेष कार्यक्रम, गुलाबो सपेरा देंगी लोक-संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर 2025:
महिला किसान दिवस के अवसर पर डीडी किसान चैनल 15 अक्टूबर को एक विशेष कार्यक्रम का प्रसारण करने जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में देशभर की उन प्रेरक महिला किसानों की कहानियाँ दिखाई जाएंगी जिन्होंने अपने संघर्ष, समर्पण और मेहनत से कृषि क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
देश मनाएगा दसवां महिला किसान दिवस
इस वर्ष देश अपना दसवां महिला किसान दिवस मना रहा है। महिला किसान दिवस की शुरुआत वर्ष 2016 में की गई थी, ताकि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की अहम भूमिका को सम्मान और पहचान दी जा सके।
कार्यक्रम में शामिल होंगे देशभर की प्रगतिशील महिला किसान
इस कार्यक्रम में उन महिला किसानों की सफलता की कहानियाँ दिखाई जाएंगी जिन्होंने ग्रामीण भारत में बदलाव की मिसाल कायम की है। इनमें शामिल हैं —
पद्मश्री राजकुमारी देवी (किसान चाची), जिन्होंने बिहार में महिला सशक्तिकरण की अलख जगाई।
पद्मश्री कामाची चेल्लाम्मल (नारियल अम्मा), जिन्होंने नारियल खेती में नवाचार किए।
विमला सिंवर, देश की पहली नमो ड्रोन दीदी, जिन्होंने तकनीक को खेती से जोड़ा।
अन्नू कानावत, सफल कृषि उद्यमी।
पद्मश्री जनक पलटा, जिन्होंने ऊर्जा संरक्षण में महत्वपूर्ण कार्य किए।
रेणु सांगवान, डेयरी फार्मिंग में अपने असाधारण योगदान के लिए जानी जाती हैं।
कार्यक्रम में शामिल रहे गणमान्य अतिथि और कृषि विशेषज्ञ
कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग के दौरान डीडी किसान चैनल के स्टूडियो में कई प्रतिष्ठित अतिथिगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रसार भारती के चेयरमैन नवनीत कुमार सहगल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी, दूरदर्शन के महानिदेशक के. सतीश नंबूदिरीपाद, डीडी किसान के उपमहानिदेशक लोकमान सिंह और उपनिदेशक व कार्यक्रम प्रमुख राजकुमार नाहर उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने महिला किसानों को शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की।
गुलाबो सपेरा देंगी लोक-संस्कृति की झलक
कार्यक्रम में राजस्थानी लोक-संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। लोकनृत्य को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली पद्मश्री गुलाबो सपेरा अपने प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देंगी, जो कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाएगी।
डीडी किसान का यह विशेष प्रसारण न केवल महिला किसानों के योगदान को सम्मान देगा, बल्कि नई पीढ़ी को भी प्रेरित करेगा कि मेहनत, लगन और विश्वास से हर सपना पूरा किया जा सकता है।
