27 साल बाद एक साथ नजर आएंगे धर्मेंद्र और अरबाज खान, 'मैंने प्यार किया फिर से' में करेंगे वापसी
1998 की ‘प्यार किया तो डरना क्या’ के बाद अब ‘मैंने प्यार किया फिर से’ में दिखेगी जोड़ी
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और अरबाज खान पूरे 27 साल बाद एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। दोनों आखिरी बार 1998 में आई सुपरहिट फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ में स्क्रीन शेयर करते दिखे थे। अब ये दोनों सितारे एक बार फिर से फिल्म ‘मैंने प्यार किया फिर से’ में साथ नजर आएंगे। यह खबर फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है।
फिल्म का निर्माण कर रहे हैं रॉनी रॉड्रिग्स, गानों के बोल भी उन्होंने ही लिखे
‘मैंने प्यार किया फिर से’ फिल्म का निर्माण पर्ल ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीएमडी और सिनेबस्टर मैगजीन प्राइवेट लिमिटेड के मालिक रॉनी रॉड्रिग्स कर रहे हैं। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी और गानों के बोल भी रॉनी ने खुद ही लिखे हैं। हाल ही में मुंबई में फिल्म का मुहूर्त समारोह हुआ, जिसमें बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की।
मुहूर्त कार्यक्रम में उदित नारायण ने गाया फिल्म का स्पेशल गाना
फिल्म के लॉन्च इवेंट में मशहूर गायक उदित नारायण ने फिल्म का एक खास गाना गाकर सबका दिल जीत लिया। धर्मेंद्र ने मौके पर कहा कि ‘मैंने प्यार किया फिर से’ एक मिक्स वेज की तरह है, जिसमें मनोरंजन का हर फ्लेवर मौजूद है। उन्होंने निर्माता और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह इस नए सफर को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

अरबाज ने धर्मेंद्र के साथ दोबारा काम करने को बताया सम्मान
अरबाज खान ने भी धर्मेंद्र के साथ काम करने पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि धरम जी के साथ दोबारा सेट पर जाना उनके लिए बहुत ही सम्मान की बात है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा लगता है जैसे उनकी फिल्मी यात्रा अब पूरी हो गई है। फिल्म में रॉनी रॉड्रिग्स के बेटे भी नजर आएंगे, और पूरी टीम इस प्रोजेक्ट को लेकर बहुत उत्साहित है।
फिल्म की टीम और रिलीज डेट
‘मैंने प्यार किया फिर से’ फिल्म का निर्देशन साबिर शेख कर रहे हैं। कीर्ति कदम इस फिल्म की एसोसिएट प्रोड्यूसर हैं, जबकि कहानी निसार अख्तर ने लिखी है। फिल्म का संगीत दिलीप सेन और समीर सेन ने तैयार किया है। एक्शन डायरेक्टर मोहन बग्गड़, डीओपी नौशाद पारकर, कार्यकारी निर्माता हिमांशु झुनझुनवाला और कास्टिंग डायरेक्टर एकता जैन हैं। फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है और इसे नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
