AI-171 विमान हादसे पर डॉ. के.ए. पॉल ने जताया शोक, आतंकी साजिश की आशंका जताते हुए जांच की मांग
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के भीषण हादसे पर ग्लोबल पीस इनिशिएटिव के संस्थापक डॉ. के.ए. पॉल ने गहरा शोक व्यक्त किया है और इसे संभावित आतंकी साजिश मानते हुए एक निष्पक्ष व व्यापक जांच की मांग की है।
लंदन जा रहा बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान बुधवार को अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद मेघानी नगर के एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 242 लोग मारे गए, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली, 1 कनाडाई नागरिक और पूरी क्रू टीम शामिल थी।
डॉ. पॉल ने हादसे को “सिर्फ एक तकनीकी दुर्घटना मानकर छोड़ देना” खतरनाक बताया और कहा कि इससे जुड़े हर पहलू—तकनीकी, राजनीतिक और कानूनी—की बारीकी से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी 40 वर्षों की अंतरराष्ट्रीय यात्रा और विमानन अनुभव के आधार पर यह स्पष्ट है कि इस हादसे के पीछे सुरक्षा चूक हो सकती है।
ये भी पढ़ें: अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर बॉलीवुड सेलेब्स ने जताया दुख, सोनू सूद बोले- टूट गया दिल
उन्होंने बैगेज टेम्परिंग से लेकर रिमोट-कंट्रोल्ड विस्फोटक जैसे संभावित खतरों की जांच की आवश्यकता जताई और कहा, “इतने बड़े पैमाने पर हुई जनहानि केवल भारत ही नहीं, पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। हमें हर एंगल से जांच कर यह सुनिश्चित करना होगा कि कहीं यह आतंकी हमला तो नहीं था।”
डॉ. पॉल ने चेताया कि अगर समय रहते गंभीर कदम नहीं उठाए गए तो इससे भारत की विमानन सुरक्षा छवि को ठेस पहुंच सकती है, और इसका असर पर्यटन व वैश्विक निवेश पर भी पड़ेगा।
उन्होंने शांति, न्याय और सुरक्षा की दिशा में एकजुट प्रयासों की अपील करते हुए कहा, “ऐसी त्रासदियों को हमें समाज को बांटने का नहीं, बल्कि जोड़ने का माध्यम बनाना चाहिए। यह समय है सच्चाई की तलाश में एकजुट होकर आगे बढ़ने का।”
