एलन मस्क ने छोड़ा ट्रंप का साथ, सरकारी पद से इस्तीफा देकर बोले - अब मेरा ध्यान सिर्फ टेस्ला और स्पेसएक्स पर
एलन मस्क ने 130 दिन के बाद ‘स्पेशल गवर्नमेंट एम्प्लॉई’ पद से दिया इस्तीफा
टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने अमेरिकी सरकार में अपने 130 दिन के कार्यकाल को खत्म करते हुए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने “स्पेशल गवर्नमेंट एम्प्लॉई” (SGE) के तौर पर काम करना बंद कर दिया है और कहा है कि अब वे पूरी तरह से अपनी कंपनियों पर ध्यान देंगे। साथ ही उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई आर्थिक नीति की आलोचना करते हुए कहा कि इससे सरकारी खर्च बढ़ सकता है और उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है।
मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर लिखा, “मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे सरकारी खर्च में कटौती लाने का अवसर दिया। लेकिन अब मेरा समय पूरा हो गया है।” उन्होंने कहा कि अब वे टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रोजेक्ट्स में पूरी तरह सक्रिय रहेंगे और राजनीति में अपने खर्च को भी कम करेंगे।
DOGE मिशन की शुरुआत और उद्देश्य
एलन मस्क को Department of Government Efficiency (DOGE) नामक कार्यक्रम के तहत सरकार की ओर से नियुक्त किया गया था। इस विभाग का मकसद था सरकारी खर्चों को कम करना और प्रशासनिक प्रक्रिया को बेहतर बनाना। मस्क ने इस अभियान के तहत कई योजनाओं की समीक्षा की और $9.4 बिलियन की कटौती का सुझाव दिया। इसमें विदेशी सहायता, सार्वजनिक प्रसारण जैसे NPR और PBS पर होने वाले खर्च को कम करने की बात कही गई थी।
)
ट्रंप के ‘बिग एंड ब्यूटिफुल’ बिल से नाराज़ मस्क
हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘बिग एंड ब्यूटिफुल’ नाम का एक नया बिल पेश किया, जिसमें टैक्स में बड़ी छूट, रक्षा बजट में भारी बढ़ोतरी और इमिग्रेशन नियंत्रण से जुड़े खर्च शामिल हैं। एलन मस्क ने इस बिल को DOGE मिशन के लिए खतरा बताया। उन्होंने कहा कि यह सरकार की फिजूलखर्ची को और बढ़ावा देता है और घाटा बढ़ा सकता है। इस पर ट्रंप ने जवाब दिया कि वे बिल के कुछ हिस्सों से खुश नहीं हैं, लेकिन अभी देखना बाकी है कि आगे क्या होता है।
कांग्रेस और सीनेट में भी मचा बवाल
मस्क के इस बयान के बाद अमेरिकी राजनीति में भी बहस छिड़ गई है। कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने मस्क का समर्थन किया है। विस्कॉन्सिन से सीनेटर रॉन जॉनसन ने कहा कि वे मस्क की हताशा को समझ सकते हैं, लेकिन राष्ट्रपति पर दबाव डालने से कुछ हासिल नहीं होता। वहीं, हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने कहा कि वे चाहते हैं कि सीनेट में बिल में ज्यादा बदलाव न हों ताकि संतुलन बना रहे।
मस्क का वापसी का ऐलान: अब पूरा फोकस टेस्ला और स्पेसएक्स पर
सरकारी पद से हटने के बाद मस्क ने साफ कहा कि अब वे अपने पूरे समय और ऊर्जा को टेस्ला और स्पेसएक्स पर लगाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे अब राजनीतिक दान और गतिविधियों से दूरी बना लेंगे, क्योंकि वे अपना योगदान दे चुके हैं। मस्क की यह वापसी तकनीकी और उद्यमी जगत के लिए एक बड़ा संकेत मानी जा रही है।
