राम बाबू शर्मा जी की स्मृति में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन
नई दिल्ली | 25 जनवरी 2026
पूर्व डीपीपीसी अध्यक्ष स्वर्गीय श्री राम बाबू शर्मा जी की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 28 जनवरी 2026 को एक निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम उनकी पुण्य स्मृति में शाहदरा के क़बूल नगर स्थित श्री साईं शरणम् मंदिर परिसर में आयोजित होगा।
स्वर्गीय श्री राम बाबू शर्मा जी साईं बाबा के परम भक्त और एक समर्पित समाजसेवी थे। उनकी स्मृति में आयोजित कार्यक्रम के तहत सुबह 10:00 बजे पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी, जबकि दोपहर 12:00 बजे साईं प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
उनकी समाजसेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए जय माता चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा उसी दिन निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क नेत्र परीक्षण, निःशुल्क चश्मे तथा निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
यह स्वास्थ्य शिविर मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। नेत्र जांच के अलावा शिविर में ईसीजी, ब्लड शुगर जांच, ब्लड प्रेशर जांच, बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच तथा चिकित्सक परामर्श की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। शिविर के लिए पंजीकरण सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में स्वर्गीय श्री राम बाबू शर्मा जी के परिजन—पत्नी श्रीमती शोभा शर्मा, पुत्र एवं पूर्व विधायक श्री विपिन शर्मा, पुत्र श्री पारस शर्मा और पुत्री सुश्री पायल शर्मा—सहित साईं परिवार के सदस्य, ट्रस्ट के पदाधिकारी और क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
