आर. माधवन और फातिमा सना शेख की रोमांटिक फिल्म ‘आप जैसा कोई’ 11 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी।
प्यार और समझदारी की कहानी लेकर आ रही है फिल्म ‘आप जैसा कोई’
आर. माधवन और फातिमा सना शेख की रोमांटिक फिल्म ‘आप जैसा कोई’ 11 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी। इस फिल्म का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है। फिल्म में दो अलग-अलग सोच और जीवनशैली के लोगों के बीच प्यार की एक खास और सच्ची कहानी दिखाई गई है।

माधवन बने संस्कृत टीचर, फातिमा निभाएंगी फ्रेंच टीचर का किरदार
फिल्म में माधवन एक शांत और पारंपरिक संस्कृत शिक्षक ‘श्रीरेणु’ के रोल में हैं, जबकि फातिमा सना शेख एक आजाद ख्यालों वाली और आत्मनिर्भर फ्रेंच टीचर ‘मधु’ के रूप में नजर आएंगी। दोनों के किरदार एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं, लेकिन वक्त के साथ उनके बीच गहरा रिश्ता बनता है, जो सच्चे प्यार और आपसी समझ से जुड़ा है।
निर्देशक विवेक सोनी ने फिर दिखाया प्यार का नया रूप
विवेक सोनी इससे पहले भी ‘मीनाक्षी सुंदरेश्वर’ जैसी रोमांटिक फिल्म बना चुके हैं। अब वो ‘आप जैसा कोई’ के ज़रिए फिर से दर्शकों के लिए एक कोमल, सच्ची और दिल को छूने वाली प्रेम कहानी लेकर आए हैं। उनका कहना है कि यह फिल्म दिखाती है कि अगर हमें किसी से सच्चा प्यार चाहिए, तो पहले हमें अपनी कमजोरियों को अपनाना और झिझक को छोड़ना जरूरी होता है।

करण जौहर के बैनर तले बनी है यह फिल्म, नेटफ्लिक्स पर होगी खास पेशकश
इस फिल्म को धर्माटिक एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है, जो करण जौहर का प्रोडक्शन हाउस है। निर्माता करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्वा मेहता और सोमन मिश्रा ने मिलकर इस फिल्म को बनाया है। नेटफ्लिक्स इंडिया की फिल्म प्रमुख रुचिका कपूर शेख ने कहा कि यह फिल्म दर्शकों के दिल को छूने वाली है और इसमें उम्मीद, प्यार और नए सोच का मेल देखने को मिलेगा।
