Fugitive Mehul Choksi caught in Belgium, government confirmed Fugitive Mehul Choksi caught in Belgium, government confirmed
Mehul Choksi: पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले में वांछित हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। बेल्जियम की संघीय सार्वजनिक सेवा (एफपीएस) न्याय विभाग ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की कि चोकसी को 12 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया और अब उन्हें आगे की न्यायिक प्रक्रिया के लिए हिरासत में रखा गया है।
मेहुल चोकसी कब हुए गिरफ्तार?
एफपीएस ने कहा, “बेल्जियम की संघीय सार्वजनिक सेवा न्याय विभाग पुष्टि कर सकती है कि मेहुल चोकसी को शनिवार, 12 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया। उन्हें आगे की न्यायिक कार्यवाही के पूर्व हिरासत में रखा गया है और उनके वकीलों को इसकी जानकारी दी गई।”
ये भी पढ़ें:Waqf Amendment Bill: मुर्शिदाबाद में वक्फ विरोध प्रदर्शन: ताजा हिंसा में एक घायल
एफपीएस ने कहा कि भारत सरकार की ओर से मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए पहले ही अनुरोध किया जा चुका है। चूंकि मामला न्यायिक प्रक्रिया में है, इसलिए इस पर और कोई विवरण साझा नहीं किया जा सकता।
बेल्जियम की संघीय सार्वजनिक सेवा न्याय मंत्रालय की तरह कार्य करती है और न्याय मंत्री को विधायी तैयारी और क्रियान्वयन में सहायता प्रदान करती है। यह न्यायपालिका को संचालन और विकास के लिहाज से समर्थन भी देती है और न्यायिक निर्णयों को उचित तरीके से लागू कराने का कार्य करती है।
भारतीय अधिकारियों ने किया अनुरोध
सूत्रों के अनुसार, मेहुल चोकसी को भारतीय एजेंसियों के अनुरोध पर बेल्जियम पुलिस ने एंटवर्प में गिरफ्तार किया गया। वह वहां अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा था और उसके पास बेल्जियम का ‘रेजिडेंसी कार्ड’ भी था।
माना जा रहा है कि 65 वर्षीय चोकसी अब जमानत के लिए याचिका दाखिल कर सकता है, जिसमें वह स्वास्थ्य कारणों का हवाला दे सकता है।
मेहुल चोकसी पर क्या है आरोप
मेहुल चोकसी और उसका भतीजा नीरव मोदी पीएनबी के 13,850 करोड़ रुपये के घोटाले में सीबीआई और ईडी द्वारा वांछित हैं। उन पर मुंबई के ब्रैडी हाउस ब्रांच के अधिकारियों को रिश्वत देकर फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग और फॉरेन लेटर ऑफ क्रेडिट के जरिए फ्रॉड करने का आरोप है।
यह दोनों जनवरी 2018 में भारत से फरार हो गए थे, ठीक उसी समय जब पीएनबी घोटाला सामने आया।
2018 में भारत से हुआ था फरार
मेहुल चोकसी ने एंटीगुआ और बारबुडा की नागरिकता ले ली थी और बाद में वहां से इलाज के बहाने निकला था। 2021 में वह एंटीगुआ से अचानक गायब हो गया था और बाद में डोमिनिका में पाया गया था। चोकसी गितांजलि जेम्स का संस्थापक है। वहीं, नीरव मोदी अभी भी ब्रिटेन की जेल में बंद है और भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहा है।
सूत्रों ने बताया कि इंटरपोल द्वारा चोकसी के खिलाफ रेड नोटिस हटाए जाने के बावजूद भारतीय एजेंसियों ने नया प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी संभव हो पाई। अब भारतीय एजेंसियां उसे जल्द से जल्द भारत लाने का प्रयास कर रही हैं, हालांकि बेल्जियम की अदालतों में कानूनी प्रक्रिया लंबी चल सकती है।
