आईआईटी बॉम्बे में हुए NEC 2025 फाइनल्स में एमईआरआई कॉलेज के ई-सेल ने 4,000 संस्थानों के बीच जबरदस्त वापसी करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर टॉप–5 में जगह बनाई।
नई दिल्ली | 17 दिसंबर 2025
एमईआरआई कॉलेज के एंटरप्रेन्योरशिप सेल (ई-सेल) ने नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज (NEC) 2025 में असाधारण प्रदर्शन करते हुए देशभर में टॉप–5 रैंक हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि आईआईटी बॉम्बे में आयोजित 21वें ई-समिट के दौरान हुए NEC फाइनल्स में दर्ज की गई, जहां लगभग 4,000 शैक्षणिक संस्थानों के बीच एमईआरआई कॉलेज ने अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज कराई।
प्रतियोगिता के शुरुआती चरण में 57वें स्थान पर रहने के बाद ई-सेल, एमईआरआई ने जबरदस्त वापसी की। 31 जनवरी 2025 को प्रतियोगिता से जल्दी बाहर होने के बाद टीम ने आत्ममंथन करते हुए अपने संगठनात्मक ढांचे में व्यापक बदलाव किए। अनुशासन, रणनीतिक योजना और दीर्घकालिक सोच के साथ महीनों तक किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम 12 दिसंबर 2025 को सामने आया, जब फाइनल्स में टीम को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ।
इस उल्लेखनीय सफलता का नेतृत्व जोरावर सिंह (NEC लीडर), अनंत नूर सिंह (प्रेसिडेंट) और विशाल दुडेजा (वाइस NEC लीडर) ने किया। इनके दूरदर्शी नेतृत्व, स्पष्ट रणनीति और मजबूत टीम समन्वय ने ई-सेल को कठिन प्रतिस्पर्धा के विभिन्न चरणों से सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। इस दौरान डॉ. गुरप्रीत कौर छाबड़ा ने NEC एक्सटर्नल मेंटर और इल्युमिनेट फैकल्टी मेंबर के रूप में टीम को अकादमिक और रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया।
पूरे NEC 2025 सत्र के दौरान ई-सेल, एमईआरआई ने 40 से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लिया और 18 प्रमुख NEC टास्क सफलतापूर्वक पूरे किए। इनमें इल्युमिनेट, यूरेका पिचिंग और फाउंडर्स एक्सपो जैसे अहम आयोजन शामिल रहे। खास बात यह रही कि एमईआरआई कॉलेज उत्तर भारत का एकमात्र संस्थान बना, जिसने ई-सेल, आईआईटी बॉम्बे के सहयोग से यूरेका नॉर्थ ज़ोनल्स का सफल आयोजन किया।
मुंबई में आयोजित फाइनल्स के दौरान टीम ने प्रेजेंटेशन, ग्रुप डिस्कशन, केस स्टडी एनालिसिस और आईपीएल ऑक्शन राउंड सहित कुल पांच चुनौतीपूर्ण चरणों में अपनी क्षमताओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मंच पर मौजूद सदस्यों के साथ-साथ बैकएंड से सहयोग करने वाले टीम सदस्यों की सामूहिक मेहनत ने इस उपलब्धि को संभव बनाया।
57वें स्थान से टॉप–5 तक का यह सफर समर्पण, मार्गदर्शन और टीमवर्क की शक्ति का जीवंत उदाहरण है। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद ई-सेल, एमईआरआई ने अब NEC 2026 की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जहां लक्ष्य है—शीर्ष स्थान हासिल करना।
