Miss World 2025: 110 हसीनाओं के बीच होगी टक्कर, आज सजेगा सबसे खूबसूरत ताज! जानिए कहां देखें लाइव
ग्रैंड फिनाले आज हैदराबाद में, 110 कंटेस्टेंट्स में से एक बनेगी मिस वर्ल्ड
दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित ब्यूटी प्रतियोगिता मिस वर्ल्ड 2025 का ग्रैंड फिनाले आज, 31 मई को हैदराबाद में होने जा रहा है। यह पहला मौका है जब तेलंगाना की राजधानी इस ऐतिहासिक इवेंट की मेजबानी कर रही है। HITEX एग्ज़िबिशन सेंटर में आयोजित होने वाले इस फिनाले में दुनिया भर से आईं 110 खूबसूरत और प्रतिभाशाली महिलाएं हिस्सा लेंगी। इस ब्यूटी पेजेंट का उद्देश्य केवल सुंदरता नहीं, बल्कि समाज के प्रति जागरूकता और सेवा का भाव भी है, जिसे “ब्यूटी विद ए पर्पस” कहा जाता है।
कहां और कैसे देखें मिस वर्ल्ड 2025 का लाइव टेलिकास्ट
जो दर्शक इस आयोजन को लाइव देखना चाहते हैं, वे आज शाम 6:30 बजे से घर बैठे इसका आनंद ले सकते हैं। फिनाले की लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV पर की जाएगी। साथ ही, मिस वर्ल्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.missworld.com और Instagram हैंडल @missworld पर भी लाइव अपडेट्स और वीडियो लिंक उपलब्ध रहेंगे। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का जरिया है, बल्कि एक ऐसा मंच भी है जो वैश्विक स्तर पर महिलाओं की प्रतिभा और सामाजिक जिम्मेदारी को सामने लाता है।

भारत से नंदिनी गुप्ता लड़ेंगी मिस वर्ल्ड का ताज जीतने की जंग
भारत की ओर से इस बार नंदिनी गुप्ता मिस वर्ल्ड 2025 में देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। नंदिनी 2023 की फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड रह चुकी हैं और उन्होंने अपने आत्मविश्वास और आकर्षण से लाखों लोगों का दिल जीता है। देश की निगाहें अब उन्हीं पर टिकी हैं कि क्या वो प्रियंका चोपड़ा और मानुषी छिल्लर की तरह भारत के लिए मिस वर्ल्ड का ताज लेकर लौटेंगी।
