केरल में 8 दिन पहले पहुंचा मानसून, 16 साल का रिकॉर्ड टूटा; देश के 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट
1 जून की बजाय 24 मई को केरल पहुंचा मानसून, 2009 के बाद सबसे जल्दी आगमन
इस साल देश में मानसून ने समय से पहले दस्तक दी है। आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार यह 8 दिन पहले, यानी 24 मई को ही आ गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि यह 16 साल में मानसून का सबसे जल्दी आगमन है। इससे पहले 2009 में मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था।
मौसम विभाग के मुताबिक, “दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 24 मई को केरल में प्रवेश किया है। यह सामान्य तारीख से 8 दिन पहले हुआ है और 2009 के बाद सबसे जल्दी आने वाला मानसून है।”
इतिहास में सबसे जल्दी और सबसे देर से आया मानसून
- सबसे जल्दी: 11 मई 1918
- 2001 और 2009 में: 23 मई
- सबसे देर से: 18 जून 1972
15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले कुछ दिनों में देश के 15 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। खासतौर पर दक्षिण और पूर्वी भारत में असर ज्यादा देखने को मिलेगा।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
- बिहार, झारखंड और ओडिशा में 26 मई तक बारिश हो सकती है।
- गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और गोवा के तटीय इलाकों में 200 मिमी तक बारिश की संभावना है।

रेड अलर्ट जारी जिलों के नाम
- कर्नाटक: उत्तरा कन्नड़, उडुपी, दक्षिण कन्नड़, कोडागु, शिवमोग्गा और चिकमंगलूर
- गोवा: पूरे राज्य में 25 मई तक भारी बारिश की चेतावनी
- केरल: कई जिलों में 27 मई तक बहुत भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने पहाड़ी और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है। साथ ही, अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन और जलभराव की संभावना भी जताई गई है।
