77 की उम्र में भी फिट और ग्लैमरस हैं मुमताज, अक्षय कुमार के फिटनेस रूल्स ने बदली लाइफस्टाइल
अक्षय कुमार से मिली फिटनेस की प्रेरणा
कैंसर को हरा चुकीं मुमताज ने बताया सेहत और खूबसूरती का राज
बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस मुमताज आज भी उतनी ही खूबसूरत और फिट नजर आती हैं, जितनी अपने करियर के सुनहरे दिनों में दिखती थीं। 77 साल की उम्र में भी उनकी एनर्जी और यंग लुक लोगों को हैरान कर देती है। मुमताज ने अपनी फिटनेस का राज शेयर करते हुए बताया कि उन्हें अक्षय कुमार से बहुत प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि जैसे अक्षय अपनी डेली रूटीन को अनुशासन से फॉलो करते हैं, वैसा ही अब वह भी करती हैं।
जल्दी सोना और जल्दी उठना है पहला मंत्र
मुमताज ने बताया कि वह अब रात 9 से 10 बजे के बीच सो जाती हैं और सुबह जल्दी उठती हैं। उनका मानना है कि अगर सुबह की शुरुआत अच्छे से हो, तो पूरा दिन हेल्दी और पॉजिटिव बीतता है। यह आदत उन्होंने अक्षय कुमार से सीखी, जो खुद भी सुबह 4 बजे उठते हैं और रात में जल्दी सो जाते हैं।
सुबह उठते ही मुमताज एक कप काली चाय लेती हैं और फिर कुछ हल्की-फुल्की एक्सरसाइज, योग और वॉक करती हैं। वह सभी लोगों को सलाह देती हैं कि चाहे कितने भी बिजी हों, खुद के लिए दिन में कम से कम एक घंटा जरूर निकालें।

सादा डाइट प्लान रखता है मुमताज को हेल्दी
अपनी डाइट को लेकर मुमताज बहुत सादा और संतुलित भोजन करती हैं। उन्होंने बताया कि वह किसी तरह के फैंसी या केमिकल वाले खाने से दूर रहती हैं। उनका डाइट प्लान कुछ इस तरह है:
- सुबह: एक कप काली चाय
- ब्रेकफास्ट: हल्का-फुल्का और नॉर्मल नाश्ता
- लंच: सादा और घरेलू खाना
- डिनर: मील नहीं, सिर्फ फल खाती हैं
सबसे खास बात ये है कि मुमताज शाम 6:30 बजे के बाद कुछ भी नहीं खातीं, जैसा कि अक्षय कुमार भी करते हैं। उनका मानना है कि अगर रात को हल्का खाया जाए और जल्दी खा लिया जाए तो शरीर को नींद में आराम मिलता है और अगला दिन फ्रेश महसूस होता है।
ब्यूटी के लिए नेचुरल तरीकों पर भरोसा
मुमताज सिर्फ फिट नहीं हैं, बल्कि उनकी त्वचा और बाल भी आज तक चमकदार और हेल्दी हैं। इसका राज भी उनकी नैचुरल लाइफस्टाइल में छिपा है। वह बाजार के केमिकल वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स से दूर रहती हैं। चेहरे की देखभाल के लिए वह घर पर ही नेचुरल फेस मास्क बनाती हैं। बालों की देखभाल के लिए भी वह कोई हेवी केमिकल नहीं लगातीं।
कैंसर को भी दी मात, अब भी पॉजिटिव सोच के साथ जी रही हैं जिंदगी
गौरतलब है कि मुमताज कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी जूझ चुकी हैं, लेकिन अपनी सकारात्मक सोच, फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली से उन्होंने इस बीमारी को हराया। अब वह न सिर्फ खुद फिट हैं, बल्कि दूसरों को भी सेहतमंद और अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित करती हैं।
