योगी आदित्यनाथ की बायोपिक ‘अजेय’ का नया पोस्टर रिलीज, 1 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक
सीएम योगी के जन्मदिन पर फिल्म का नया पोस्टर जारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित फिल्म ‘अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी’ का नया पोस्टर उनके जन्मदिन के मौके पर जारी किया गया है। यह फिल्म 1 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण सम्राट सिनेमैटिक्स द्वारा किया गया है और इसका निर्देशन रवींद्र गौतम ने किया है।

अभिनेता अनंत विजय जोशी निभा रहे हैं योगी की भूमिका
फिल्म में योगी आदित्यनाथ की भूमिका अभिनेता अनंत विजय जोशी निभा रहे हैं। नए पोस्टर में उन्हें भगवा वस्त्रों में गंभीर और आत्मविश्वासी रूप में दिखाया गया है, जो उनके संत और नेता दोनों रूपों को दर्शाता है। फिल्म का टीजर इससे पहले 26 मार्च को जारी किया गया था, जिसमें योगी के आध्यात्मिक और राजनीतिक जीवन के कुछ महत्वपूर्ण क्षणों की झलक दी गई थी।
फिल्म शांतनु गुप्ता की चर्चित पुस्तक पर आधारित
‘अजेय’ फिल्म लेखक शांतनु गुप्ता की प्रसिद्ध किताब ‘The Monk Who Became Chief Minister’ पर आधारित है। यह फिल्म उस यात्रा को दिखाती है जिसमें योगी आदित्यनाथ ने एक साधु से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने तक का सफर तय किया। फिल्म में यह दिखाया गया है कि कैसे उन्होंने सांसारिक जीवन त्याग कर देश की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
फिल्म में दिखेंगे कई मशहूर चेहरे
फिल्म में अनंत विजय जोशी के साथ परेश रावल, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, अजय मेंगी, राजेश खट्टर, पवन मल्होत्रा और गरिमा विक्रांत सिंह जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म की पटकथा दिलीप बच्चन झा और प्रियांक दुबे ने लिखी है, जबकि संगीत लोकप्रिय संगीतकार जोड़ी मीत ब्रदर्स ने दिया है।
कई भाषाओं में रिलीज होगी ‘अजेय’
‘अजेय’ को हिंदी के साथ-साथ तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम जैसी भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा ताकि देश के विभिन्न हिस्सों में लोग इस प्रेरणादायक कहानी को देख सकें। फिल्म के निर्माता रितु मेंगी ने कहा कि, “योगी जी का जीवन लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है और इस फिल्म के जरिए हम उनकी कहानी को बड़े पर्दे पर लाने के लिए बेहद गर्वित महसूस कर रहे हैं।”
