पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित बच्चों को मुफ्त शिक्षा देगी गुरु काशी यूनिवर्सिटी
कुलाधिपति एस. गुरलाभ सिंह सिद्धू ने किया घोषणा; यूनिवर्सिटी ने जताई संवेदना, सरकार के आतंकवाद विरोधी रुख का समर्थन
कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस त्रासदी के बीच गुरु काशी यूनिवर्सिटी (GKU) ने एक संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण कदम उठाते हुए उन बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने की घोषणा की है, जिन्होंने इस हमले में अपने पिता को खो दिया है।
यह मानवीय निर्णय यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति श्री एस. गुरलाभ सिंह सिद्धू द्वारा लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य इन प्रभावित बच्चों के भविष्य को संवारना और उन्हें शिक्षा के माध्यम से स्थायी सहारा देना है। उन्होंने कहा:
“यह हमला पूरे देश के लिए अत्यंत दुखद है। हमारी यूनिवर्सिटी सेवा और शिक्षा जैसे आदर्शों पर टिकी है। इन बच्चों की शिक्षा अब हमारी जिम्मेदारी होगी। हम उन्हें हरसंभव सहयोग देंगे ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।”
कुलाधिपति सिद्धू ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार द्वारा आतंकवाद के खिलाफ उठाए गए कड़े कदमों का समर्थन करते हुए इस हमले को “निर्दयी और कायरतापूर्ण” करार दिया। उन्होंने कहा:
“इस तरह की घटनाएं हमारे समाज को बांटने की कोशिश करती हैं, लेकिन हमारी एकता, संवेदना और संकल्प उन्हें जवाब देंगे। गुरु काशी यूनिवर्सिटी आतंकवाद के खिलाफ भारत सरकार की नीति और कश्मीर में शांति बहाली के प्रयासों का पूरा समर्थन करती है।”
यूनिवर्सिटी ने इस हमले में जान गंवाने वाले लोगों और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही, कश्मीर के लोगों के साथ एकजुटता जाहिर करते हुए यह संदेश भी दिया कि आतंक फैलाने वाली ताकतें शांति और एकता को नहीं तोड़ पाएंगी।
गुरु काशी यूनिवर्सिटी ने अन्य शिक्षण संस्थानों और नागरिक समाज से अपील की है कि वे इस प्रकार की मानवीय पहल में आगे आएं और मिलकर समाज को विभाजित करने वाली ताकतों का विरोध करें।
यूनिवर्सिटी का मानना है कि शिक्षा, सेवा और एकता ही एक समृद्ध और सशक्त राष्ट्र का आधार हैं।
