नई दिल्ली, मुख्यमंत्री ने दी आयोजन के लिए हरसंभव सहायता का भरोसा
नई दिल्ली, मुख्यमंत्री ने दी आयोजन के लिए हरसंभव सहायता का भरोसा
पैरा ओलंपिक समिति ऑफ इंडिया (PCI) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को दिल्ली सचिवालय में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता से मुलाकात की। यह बैठक वर्ष 2025 में नई दिल्ली में प्रस्तावित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित की गई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, कोयंबटूर से विधायक और PCI की मुख्य संरक्षक श्रीमती वनाथी श्रीनिवासन ने किया। उनके साथ PCI अध्यक्ष श्री देवेंद्र झाझरिया, मुख्य कोच श्री सत्यनारायण श्री सत्यबाबू, निदेशक, और चैंपियनशिप के संयुक्त सचिव श्री किरुबाकरार राजू भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि चैंपियनशिप से भारत की खेल प्रतिष्ठा को वैश्विक स्तर पर नया आयाम मिलेगा।
यह पहली बार होगा जब नई दिल्ली विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेज़बानी करेगी। इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक देशों के पैरा एथलीटों के भाग लेने की संभावना है। बैठक के दौरान आयोजन स्थलों की तैयारी, विशेष सुविधाएं, खिलाड़ियों के आवास, लॉजिस्टिक्स, स्वयंसेवकों की भूमिका और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के बाद श्रीमती वनाथी श्रीनिवासन ने कहा,
“दिल्ली प्रशासन की तत्परता सराहनीय है। यह आयोजन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि समावेशिता और समान अवसर का प्रतीक होगा। इससे न केवल पैरा-एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा, बल्कि भारत की खेल नीति में समावेश का मजबूत संदेश भी जाएगा।”
पैरा ओलंपिक समिति ऑफ इंडिया (PCI) विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर इस चैंपियनशिप को एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक आयोजन बनाने की दिशा में कार्यरत है। इस आयोजन से भारत में पैरा खेलों को नई पहचान और ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
