मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पारुल सिंह ने दिव्यांग खिलाड़ियों से जुड़ी समस्याओं, संघ की मान्यता और पैरा खेलों को सशक्त बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की।
नई दिल्ली | 13 जनवरी 2026
दिल्ली दिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष पारुल सिंह ने मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने 20 से 22 जनवरी तक दिल्ली में आयोजित होने वाली दिल्ली राज्य पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान पारुल सिंह ने दिल्ली के दिव्यांग खिलाड़ियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने एक लिखित ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि दिल्ली राज्य में दिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की मान्यता का मामला लंबे समय से लंबित है, जिसके कारण खिलाड़ियों को प्रशासनिक और खेल संबंधी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिव्यांग खिलाड़ियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने पारुल सिंह के नेतृत्व में दिल्ली में लगातार आयोजित हो रहे दिव्यांग खेल आयोजनों की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक पहल बताया।
इस अवसर पर पारुल सिंह ने मुख्यमंत्री को लोहड़ी और मकर संक्रांति की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि ये पर्व नई शुरुआत, ऊर्जा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक हैं। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दिल्ली के समग्र विकास की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, अवसर और मंच उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
मुलाकात के बाद पारुल सिंह ने कहा,
“मुख्यमंत्री से हुई यह बातचीत दिल्ली के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए उत्साहजनक रही। पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप को लेकर आमंत्रण के साथ-साथ खिलाड़ियों से जुड़े अहम विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। हमें उम्मीद है कि सरकार पैरा खेलों को मजबूती देने में सहयोग करेगी।”
इस बैठक में दिल्ली दिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव राहुल कसाना, सक्षम एसोसिएशन के सचिव देवेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
