दिल्ली वालों के लिए राहत की खबर: बढ़े हुए पानी के बिल होंगे माफ, नए सिस्टम पर काम जारी
जल मंत्री प्रवेश वर्मा का बड़ा ऐलान: 90% तक माफ हो सकते हैं पानी के बिल
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोमवार को एक बड़ी घोषणा की है, जिससे लाखों दिल्लीवासियों को राहत मिल सकती है। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही एक बिल माफी योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के पुराने और बढ़े हुए बिलों को माफ किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि कई लोगों को गलत या ज्यादा बिल मिलने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए सरकार ने इस योजना पर काम शुरू किया है। प्रस्ताव के अनुसार, करीब 90% तक की छूट दी जा सकती है।

बिलिंग सिस्टम में सुधार, नया सॉफ्टवेयर भी तैयार हो रहा
प्रवेश वर्मा ने बताया कि सिर्फ बिल माफी ही नहीं, बल्कि पूरे बिलिंग सिस्टम को भी सुधारा जाएगा। इसके लिए एक नया सॉफ्टवेयर डेवलप किया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को भविष्य में सही और पारदर्शी बिल मिलें। उन्होंने कहा कि फिलहाल कुछ तकनीकी समस्याएं हैं, जिन्हें हल किया जा रहा है। जैसे ही सिस्टम पूरी तरह तैयार होगा, योजना को लागू किया जाएगा। इसका सीधा फायदा उन 29 लाख रजिस्टर्ड उपभोक्ताओं को मिलेगा जो दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े हैं।
सीवर लाइन और जलजमाव की समस्या पर भी काम जारी
प्रवेश वर्मा ने पानी के बिल के अलावा दिल्ली में जलजमाव और सीवर से जुड़ी समस्याओं पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साल 2027 तक दिल्ली की सभी अनधिकृत कॉलोनियों में सीवर लाइनें बिछा दी जाएंगी। इसके लिए एक नया अवजल मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है और जल्द ही इसका टेंडर भी जारी होगा।
वहीं, जलजमाव से निपटने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पंप लगाए गए हैं। दिल्ली के 35% नालों की सफाई हो चुकी है और बाकी नालों की सफाई 15 जून तक पूरी करने का लक्ष्य है। इसके जरिए बरसात के समय में पानी भरने की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
