मुकुल देव के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर, कई सितारों ने जताया दुख
अभिनेता मुकुल देव का 54 साल की उम्र में निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
बॉलीवुड अभिनेता मुकुल देव का 23 मई को 54 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। शुक्रवार रात उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उन्होंने अंतिम सांस ली। मुकुल देव ने ‘सन ऑफ सरदार’, ‘आर… राजकुमार’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया था। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में मातम छा गया है।
भाई राहुल देव ने दी जानकारी, परिवार में पसरा गम
मुकुल देव के भाई और अभिनेता राहुल देव ने सोशल मीडिया पर भाई की मौत की खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मुकुल का निधन नई दिल्ली में हुआ। उनके परिवार में बेटी सिया देव, बहन रश्मि कौशल, भाई राहुल देव और भतीजा सिद्धांत देव हैं। राहुल ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “हमारे प्यारे भाई मुकुल देव अब हमारे बीच नहीं रहे। अंतिम संस्कार शाम 5 बजे किया जाएगा।” राहुल ने मौत की वजह तो नहीं बताई, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुकुल की तबीयत पिछले कई दिनों से खराब थी।

मनोज बाजपेयी से लेकर सोनू सूद तक हुए भावुक
मुकुल देव के निधन की खबर से उनके दोस्त और बॉलीवुड स्टार मनोज बाजपेयी बेहद दुखी हैं। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “मुकुल भाई जैसे कलाकार और इंसान बहुत कम मिलते हैं। बहुत जल्दी चले गए। उन्हें कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। ओम शांति।”
सोनू सूद ने भी श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “RIP मुकुल भाई, आप एक रत्न थे। आपको हमेशा याद किया जाएगा।”
नील नितिन मुकेश ने मुकुल को “एक दमदार कलाकार और प्यारा इंसान” बताया। उन्होंने राहुल देव और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई।
हंसल मेहता और दीपशिखा नागपाल ने भी दी श्रद्धांजलि
निर्देशक हंसल मेहता ने इंस्टाग्राम पर मुकुल देव की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “अभी नहीं मुकुल… अभी तो कई कहानियां बाकी थीं। मिलते हैं दूसरी तरफ, मेरे दोस्त।”
वहीं अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल ने कहा कि वह इस खबर से टूट गई हैं और विश्वास नहीं कर पा रहीं कि मुकुल अब इस दुनिया में नहीं हैं। उन्होंने मुकुल को एक खुशमिजाज और अच्छे दिल वाला इंसान बताया।
