तेज धूप सिर्फ त्वचा ही नहीं, बालों को भी नुकसान पहुंचाती है। जानिए कैसे आप घर की आम चीजों से बालों को मजबूत और चमकदार बना सकते हैं।
गर्मी के मौसम में तेज धूप का असर सिर्फ आपकी त्वचा ही नहीं बल्कि बालों पर भी साफ नजर आने लगता है। जब लोग धूप में बाहर निकलते हैं तो चेहरे को तो सनस्क्रीन से बचा लेते हैं, लेकिन बालों की सुरक्षा अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। सिर पर सीधी धूप पड़ने से बाल रूखे, बेजान और डैमेज हो सकते हैं। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ आसान और घरेलू उपाय अपनाकर अपने बालों को फिर से सेहतमंद बना सकते हैं।
एलोवेरा जेल – बालों को मिलेगी ठंडक और पोषण

एलोवेरा में प्राकृतिक गुण होते हैं जो बालों को ठंडक देने के साथ-साथ पोषण भी देते हैं। बाल धोने से पहले एलोवेरा जेल को बालों की जड़ों से सिरे तक अच्छे से लगाएं। इसे आधे घंटे तक छोड़ दें और फिर माइल्ड शैम्पू से बाल धो लें। हफ्ते में 2 बार ऐसा करने से बालों में नमी बनी रहेगी और बाल मजबूत होंगे।
नारियल का तेल – खोई नमी लौटाए
गर्मियों में बालों की नमी खो जाती है जिससे बाल ड्राई हो जाते हैं। ऐसे में नारियल तेल एक बेहतरीन उपाय है। बाल धोने से करीब एक घंटे पहले गुनगुने नारियल तेल से स्कैल्प की मालिश करें। यह बालों की जड़ों को पोषण देता है और उन्हें टूटने से बचाता है। हफ्ते में दो से तीन बार तेल की मालिश जरूर करें।
अंडा और ऑलिव ऑयल मास्क – बाल बनेंगे मुलायम और चमकदार
अंडा बालों के लिए प्रोटीन का अच्छा स्रोत होता है। एक अंडा लें और उसमें एक टेबलस्पून ऑलिव ऑयल मिलाएं। इस मिश्रण को बालों में अच्छी तरह लगाएं और एक घंटे बाद शैम्पू से धो लें। इससे बालों की खोई चमक वापस आती है और वे मुलायम बनते हैं। आप इस हेयर मास्क को हफ्ते में एक या दो बार लगा सकते हैं।
दही और शहद – बालों को देगा मॉइस्चर
दही और शहद बालों के लिए एक नेचुरल मॉइस्चराइज़र की तरह काम करते हैं। दो चम्मच दही में एक चम्मच शहद मिलाएं और इस पेस्ट को बालों की जड़ों से सिरे तक लगाएं। इसे 30 मिनट तक लगा रहने दें और फिर धो लें। यह मास्क बालों को कोमल, मुलायम और चमकदार बनाता है।
