महाभारत' में भगवान श्रीकृष्ण बन सकते हैं आमिर खान, ड्रीम प्रोजेक्ट पर बोले- ये आसान नहीं, पर सपना है
महाभारत पर फिल्म बनाना आमिर खान का सपना
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान अपने एक्टिंग करियर में कई बड़ी और यादगार फिल्में दे चुके हैं। लेकिन अब उनका एक ऐसा सपना है, जो अभी तक अधूरा है। वह सपना है भारतीय महाकाव्य ‘महाभारत’ पर एक भव्य फिल्म बनाना। हाल ही में एक इंटरव्यू में आमिर खान ने बताया कि ‘महाभारत’ उनके दिल के बहुत करीब है, और वह इसे बनाना चाहते हैं। लेकिन साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि ये सपना जितना खूबसूरत है, उतना ही मुश्किल भी। आमिर बोले, “महाभारत आपको कभी निराश नहीं करेगी, लेकिन आप उसे निराश कर सकते हैं। इसलिए मैं बहुत सोच-समझकर कदम उठाना चाहता हूं।”
श्रीकृष्ण का किरदार निभाने की दी इच्छा की झलक
![]()
जब आमिर खान से पूछा गया कि वह इस फिल्म में कौन सा किरदार निभाना चाहेंगे, तो उन्होंने बिना सीधे जवाब दिए यह संकेत जरूर दे दिया कि उन्हें भगवान श्रीकृष्ण का किरदार बेहद पसंद है। आमिर ने कहा, “कृष्ण का किरदार मुझे बहुत प्रभावित करता है। मैं उनसे बहुत प्रेरित हूं।” हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि क्या वह वाकई इस किरदार को निभाएंगे, लेकिन उनके जवाब से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनके दिल में ये भूमिका बस चुकी है।
फिल्म होगी भव्य फ्रेंचाइज़, कई डायरेक्टर्स होंगे शामिल
आमिर ने बताया कि ‘महाभारत’ सिर्फ एक फिल्म नहीं होगी, बल्कि एक भव्य फ्रेंचाइज़ के तौर पर बनाई जाएगी। इसमें अलग-अलग कहानियों और पात्रों को अलग-अलग डायरेक्टर्स द्वारा फिल्माया जाएगा। इस प्लान के तहत हर सेगमेंट को उसके हिसाब से डायरेक्ट किया जाएगा, ताकि हर किरदार और कथा को पूरा न्याय मिल सके। आमिर ने कहा, “चाहे मैं इस प्रोजेक्ट को बनाऊं या कोई और बनाए, हमारी कोशिश होगी कि यह भारत में ही बने और पूरी दुनिया को दिखाया जाए कि हमारी संस्कृति कितनी समृद्ध है।”
‘सितारे जमीन पर’ के बाद शुरू करेंगे महाभारत पर काम
फिलहाल आमिर खान अपनी नई फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ के प्रमोशन और रिलीज में व्यस्त हैं। यह फिल्म 20 जून 2025 को रिलीज होने वाली है और इसमें उनके साथ अभिनेत्री जिनिलिया देशमुख भी नजर आएंगी। आमिर ने कहा कि जैसे ही यह फिल्म पूरी हो जाएगी, वह अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘महाभारत’ की तैयारी शुरू कर देंगे। इसके अलावा आमिर, रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ में भी नजर आएंगे, जिसका टीजर हाल ही में रिलीज हुआ है।
