अमिताभ नहीं, जया बच्चन का क्रश थे धर्मेंद्र, हेमा मालिनी के सामने किया खुलासा
जया बच्चन का दिल जीत चुके थे बॉलीवुड के ‘हीमैन‘ धर्मेंद्र
अमिताभ बच्चन और जया बच्चन को भले ही बॉलीवुड का आइकॉनिक कपल माना जाता है, लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि जया का पहला क्रश कोई और नहीं बल्कि इंडस्ट्री के ‘हीमैन’ धर्मेंद्र थे। जया बच्चन ने खुद इस बात का खुलासा करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण’ में किया था। खास बात ये रही कि जब उन्होंने ये बात कही, तो उस वक्त शो में हेमा मालिनी भी मौजूद थीं, जो खुद धर्मेंद्र की पत्नी हैं।
‘शोले’ में बसंती बनना चाहती थीं जया, वजह थे धर्मेंद्र
जया बच्चन ने शो में बताया कि उन्हें धर्मेंद्र इतने पसंद थे कि वह फिल्म ‘शोले’ में राधा नहीं, बल्कि बसंती का किरदार निभाना चाहती थीं। उन्होंने हंसते हुए कहा, “मुझे धर्मेंद्र इतने अच्छे लगते थे कि मैं बसंती का रोल करना चाहती थी ताकि उनके साथ ज्यादा सीन मिलें।” उनके इस मजाकिया और दिलचस्प बयान पर हेमा मालिनी भी मुस्कुरा उठीं।
‘गुड्डी‘ के सेट पर पहली मुलाकात में हो गई थीं नर्वस
जया बच्चन और धर्मेंद्र की पहली मुलाकात फिल्म ‘गुड्डी’ के सेट पर हुई थी। उस पल को याद करते हुए जया ने कहा कि जब वह पहली बार धर्मेंद्र से मिलीं तो इतनी नर्वस हो गईं कि सोफे के पीछे जाकर छिप गईं। उन्होंने कहा, “मुझे आज भी याद है कि उस दिन धर्मेंद्र ने सफेद कपड़े पहने थे और वह किसी ग्रीक गॉड की तरह लग रहे थे।”
हेमा के सामने किया दिल का इज़हार, बीते लम्हों पर खूब हुईं बातें
इस शो में जया और हेमा मालिनी दोनों ही मौजूद थीं और दोनों ने मिलकर अपने पुराने दिनों को याद किया। जया ने बेझिझक कहा कि उन्हें धर्मेंद्र पर क्रश था, और इस बात को हंसी-मजाक के अंदाज में हेमा ने भी स्वीकार किया। ये एपिसोड दर्शकों को न सिर्फ पुरानी यादों में ले गया, बल्कि इंडस्ट्री की कुछ अनकही कहानियों से भी रूबरू करवाया।

धर्मेंद्र की पर्सनैलिटी का हर कोई था दीवाना
अपने दौर के सुपरस्टार धर्मेंद्र न सिर्फ शानदार अभिनेता थे, बल्कि अपने हैंडसम लुक्स और जबरदस्त पर्सनैलिटी के लिए भी जाने जाते थे। इंडस्ट्री में ऐसा माना जाता है कि उनके साथ काम करने वाली अधिकतर एक्ट्रेसेस उनकी दीवानी हो जाती थीं। जया बच्चन भी उनमें से एक थीं, जिन्होंने यह बात खुलेआम स्वीकार की।
