भारत के मणिपुर में आया 5.2 तीव्रता का भूकंप, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
गुरुवार को एक बार फिर धरती भूकंप के झटकों से कांप उठी। ईरान, नेपाल, भारत, इंडोनेशिया और ताजिकिस्तान जैसे देशों में भूकंप महसूस किए गए। हालांकि, अब तक किसी बड़े नुकसान या जानमाल की हानि की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
ईरान में 5.5 तीव्रता का भूकंप
यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर के अनुसार, गुरुवार को ईरान के दक्षिणी हिस्से में 5.5 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन के नीचे गहराई में था। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अभी तक किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है।
नेपाल में एक दिन में तीन झटके
नेपाल के पश्चिमी हिस्सों में बुधवार को तीन अलग-अलग समय पर भूकंप आया। सबसे पहला झटका कास्की जिले के अन्नपूर्णा क्षेत्र में देर रात 12:50 बजे महसूस हुआ जिसकी तीव्रता 4.1 थी। दूसरा झटका सुबह 11:56 बजे कास्की के ही फुलीबांग में आया, जिसकी तीव्रता 4.4 मापी गई। तीसरा भूकंप शाम 6:27 बजे बझांग जिले में 4.2 तीव्रता के साथ दर्ज किया गया।
इंडोनेशिया और ताजिकिस्तान में भी कंपन
इंडोनेशिया के दक्षिणी सुमात्रा क्षेत्र में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। वहीं ताजिकिस्तान में भी 3.9 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया। दोनों देशों में भी किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
मणिपुर में भी महसूस हुए झटके
बुधवार देर रात 1:54 बजे भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई और इसका केंद्र चुराचांदपुर जिले में था। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
