'ऑपरेशन सिंदूर' पर संजय राऊत का हमला: भाजपा को बताया "सिंदूर जेहाद" का जनक
भाजपा के ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ अभियान पर तंज: “वन हसबैंड, वन सिंदूर” का नया ड्रामा
मालेगांव (नाशिक): शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राऊत ने रविवार को मालेगांव में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर करारा प्रहार किया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए इसे “राजनीतिक ड्रामा” करार दिया और भाजपा पर समाज में भ्रम और सांप्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाया।
राऊत ने तंज कसते हुए कहा, “अब घर-घर सिंदूर ले जाया जा रहा है। क्या ये ‘वन हसबैंड, वन सिंदूर’ का नया प्रोग्राम है? सुंदर पति ही सिंदूर देता है, कोई बाहर वाला नहीं।” उन्होंने सवाल उठाया, “ये कौन सा जेहाद है?” साथ ही मीडिया को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा, “आपको पूछना चाहिए – कौन किसका हसबैंड है?”
मालेगांव चुनाव को बताया भाजपा से जनमत की असली परीक्षा
राऊत ने कहा कि मालेगांव महापालिका चुनाव अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जल्द होंगे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि तीन साल से ज्यादा समय तक प्रशासक के माध्यम से शासन चलवाकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया। अब जब चुनाव नजदीक हैं, तो भाजपा को खुद अपनी जीत पर भरोसा नहीं रह गया है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि इस चुनाव के लिए एक कोर कमेटी का गठन जल्द किया जाएगा और यह लड़ाई जाति, धर्म और पैसे के प्रभाव के खिलाफ होगी।
धुले नकदी घोटाले पर बड़ा दावा
धुले में हुए कथित नकदी घोटाले का ज़िक्र करते हुए राऊत ने आरोप लगाया कि जांच कमेटी के प्रमुख को रिश्वत देने के लिए बड़ी रकम पहुंचाई गई। उन्होंने कहा, “इसमें से 10 करोड़ रुपये जलगांव में स्वीकार किए गए और एक हिस्सा एक ‘बड़ी हस्ती’ तक पहुंचाया गया।” साथ ही SIT की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इसका प्रमुख कौन है और जांच कहां तक पहुंची।
फडणवीस और मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया
देवेंद्र फडणवीस पर तंज करते हुए राऊत ने कहा कि उनके कार्यालय का नाम बदलकर ‘देवेंद्र केंद्रीय कारागार’ कर देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की पूरी राजनीति भ्रष्ट नेताओं को संरक्षण देने पर टिकी है। उन्होंने अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल और अशोक चव्हाण जैसे नेताओं के भाजपा में आने को लेकर मोदी सरकार की कथनी और करनी में फर्क बताया।
राऊत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा, “देश में जो भ्रष्टाचार हो रहा है, वह ऊपर से आशीर्वाद के बिना नहीं हो सकता।”
भाजपा नेताओं पर तीखे निजी हमले
![]()
राऊत ने भाजपा विधायक संजय शिरसाट को “मूर्ख” बताते हुए कहा कि वे आज भी महाराष्ट्र की प्रगतिशील सोच को नहीं समझ पाए हैं। शरद पवार और अजित पवार के फिर एक होने की अटकलों को उन्होंने खारिज किया और कहा कि आज हर पार्टी में दो धड़े हैं।
भाजपा नेता किरीट सोमैया पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि वह “नाली की गंदगी” जैसे हैं और “बकवास नेता” हैं। राऊत ने कहा कि सोमैया को पहले अपनी पार्टी के भीतर के भ्रष्टाचार पर बोलना चाहिए।
